UP: ऑपरेशन में लापरवाही...जच्चा बच्चा की मौत, ताला बंद कर संचालिका फरार; बलिया में मऊ के डॉक्टर को बुलाया था
Ballia News: बलिया के करनी चट्टी स्थित निजी क्लीनिक संचालिका मऊ के डॉक्टर को बुलाकर ऑपरेशन कराया था। विभाग की कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित हो रहे निजी अस्पताल व क्लीनिक के खिलाफ लोगों की नाराजगी देखी गई।
विस्तार
UP News: बलिया में उभांव थाना क्षेत्र के करनी चट्टी स्थित निजी क्लीनिक में अप्रशिक्षित डॉक्टर द्वारा लापरवाही से ऑपरेशन से जच्चा बच्चा की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने क्लीनिक पर हंगामा कर दिया, सभी कर्मचारी ताला बंद कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। शव को पोस्टमार्टम को भेजा।
शनिवार को बेल्थरा रोड एसडीएम शरद कुमार मौके रसड़ा सीएचसी के प्रभारी मनीष जायसवाल व नगरा पीएचसी प्रभारी राहुल सिंह के साथ पहुंच मामले की जांच किया, क्लीनिक का कोई पत्रावली न मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पताल, क्लीनिक व जांच केंद्र वाले बंद कर दिया। पति की तहरीर पर क्लीनिक संचालिका पूनम भारती पर प्राथमिकी दर्ज हो गई है।
नगरा ब्लाक के इंदरौली मलकौली गांव निवासी सोनू कुमार की पत्नी पूनम देवी 28 वर्ष को प्रसव पीड़ा होने पर बृहस्पतिवार को करनी चट्टी स्थित निजी क्लीनिक पर प्रसव के लिए लेकर गए। क्लीनिक संचालिका ने प्रसव में परेशानी होने की बात कह मऊ से डॉक्टर बुलाकर ऑपरेशन करने की बात कही। शुक्रवार की रात को मऊ के एक अप्रशिक्षित डॉक्टर को बुलाकर ऑपरेशन करवाया।
परिजनों में मचा कोहराम
काफी देर होने के बाद बच्चे की आवाज नहीं आने पर परिजनों ने शंका जाहिर कर जच्चा तथा बच्चा के बारे में क्लीनिक संचालिका से हाल जानना चाहा तो मऊ के डॉक्टर ने प्रसूता को कोमा में होने की बात बताते हुए मऊ के फातिमा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन निजी वाहन से मऊ अस्पताल लेकर चले गए जहां डॉक्टरों ने महिला तथा बच्चे को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर क्लीनिक पर पहुंचे जहां संचालिका ताला बंद कर फरार थी।
परिजनों ने हंगामा कर दिया, इसकी खबर लगते ही मौके पर उभांव पुलिस पहुंचकर मामले को शांत करवाया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा देते हुए महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस बाबत उभांव थाना प्रभारी संजय शुक्ल ने कहा कि पति की तहरीर पर क्लीनिक संचालिका पूनम भारती पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
परिजनों की शिकायत पर क्लीनिक की जांच करने के बाद रजिस्ट्रेशन न मिलने पर सील कर दिया गया है। विभाग द्वारा अवैध अस्पतालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। आमजन को भी जागरूक हो कर अवैध अस्पताल की जगह सरकारी प्रसव केंद्र पर सुरक्षित प्रसव कराए। - डॉ. आनंद सिंह, सीएमओ बलिया।