Ballia News: पूर्व चेयरमैन के बेटे पर जानलेवा हमला, रॉड और डंडे से पीटा; नामजद समेत 12 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर
वाराणसी जिले के बेल्थरारोड के पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन के बेटे पर जानलेवा हमला किया गया। इस दौरान नामजद समेत 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विस्तार
बलिया जिले के बेल्थरारोड नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार मधुर के पुत्र अमित मद्धेशिया उर्फ सिंटू (28) पर गुरुवार देर शाम अराजकतत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 9 बजे अमित मद्धेशिया गोकुल कैफे के पास फ्राइड राइस लेने गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए 12 से ज्यादा हमलावरों ने लोहे की रॉड, डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों के पास पिस्टल भी थी और पिस्टल के बट से भी वार किया गया, जिससे अमित के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: पूर्व सांसद धनंजय सिंह बोले, 24 साल पुराने मामले में अब मुझे मिलेगा न्याय
घटना के बाद घायल युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल अमित मद्धेशिया ने बताया कि अचानक हुए हमले में वह कुछ समझ ही नहीं पाए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाद गए। घटना की सूचना मिलते ही उभांव थाना पुलिस व डायल 112 की टीम रात करीब 10 बजे मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर उभांव थाना पुलिस ने बाबू सूखा, आर्यन सिंह, चांद मियां समेत 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच चौकी इंचार्ज एसआई मुकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।