यूपी में बड़ी वारदात: एक कमरे में दो लाश, फंदे पर लटका था व्यापारी, बक्से में बोरी के अंदर मिला किन्नर का शव
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक व्यापारी का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी की पत्नी से पूछताछ की तो एक बक्से में लापता किन्नर का शव बरामद हुआ।
विस्तार
बलिया जिले के रानीगंज बाजार स्थित एक घर से बुधवार की शाम को जनरल स्टोर व्यापारी रवि गुप्ता (30) का फंदे से लटकता शव मिला। उसी कमरे से पुलिस ने दो दिन से गायब रेखा किन्नर का शव बरामद किया। घटना की सूचना पर एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर, सीओ फहीम कुरैसी ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस व्यापारी की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर लिया। घटना की खबर मिलते ही मौके पर किन्नरों की भारी भीड़ जुट गई।
क्या है पूरा मामला
रानीगंज निवासी जनरल स्टोर के व्यवसायी रवि गुप्ता (30) ने कमरे में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। कमरे का दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दरवाजे का लॉक तोड़ा तो रवि गुप्ता का शव फंदे पर लटक रहा था।
इसे भी पढ़ें; Mirzapur News: छत्तीसगढ़ से सोना लूट कर भाग रहे चार बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में दो को लगी गोली
परिजनों की सूचना पर पहुंची बैरिया पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान पत्नी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसकी निशानदेही पर उसी कमरे में रखे बक्से से बोरी में बंद दो दिन से गायब रेखा किन्नर का शव मिला।
लालच में किन्नर की हत्या करने की आशंका
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक किन्नर के पास आभूषण व नकदी होने के कारण लालच में उसकी हत्या कर शव छिपाने के लिए बक्से में रखा गया था।
इस बाबत सीओ फहीम कुरैसी ने कहा कि एक घर से व्यापारी व किन्नर का शव मिला है। अभी व्यापारी की पत्नी व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच पड़ताल के बाद कुछ कहा जाएगा।