बांदा। चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव में बृहस्पतिवार की शाम हादसे में नौ वर्षीय छात्र की मौत हो गई। खेलते समय आम के पेड़ से गिरी लकड़ी सिर पर लगने से वह गंभीर घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव निवासी सोनू ने बताया कि उसका साला अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के ओरहा गांव निवासी राहुल उर्फ मोहित (9) अपनी मां संगीता व पिता फूलचंद के साथ बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे पपरेंदा गांव स्थित जीजा सोनू के घर आया था। शाम करीब छह बजे राहुल घर से लगभग 300 मीटर दूर आम के पेड़ के नीचे खेल रहा था। उसी दौरान गांव के व्यक्ति आम के पेड़ पर चढ़कर लकड़ी काट रहा था। अचानक ऊपर से आम की भारी लकड़ी गिर पड़ी, जो सीधे राहुल के सिर पर लगी।
रोने की आवाज सुनकर पास में ही शौच के लिए गई मां संगीता और बहन रेखा दौड़कर मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से लकड़ी हटाई और निजी वाहन से बच्चे को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर डाॅक्टरों ने राहुत को मृत घोषित कर दिया। वह कक्षा चार का छात्र था। पिता फूलचंद्र ने बताया कि राहुल दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। वह ओरहा के मौजा नगवारा, धोविन पुरवा स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता था। सूचना पर चौकी प्रभारी पपरेंदा रामू सिंह यादव कांस्टेबल पीयूष के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। चौकी प्रभारी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, प्रथम दृष्टया आम की लकड़ी से दबकर मौत की बात सामने आई है।