तिंदवारी। थाना पुलिस ने शनिवार की देर रात अंतर जनपदीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। दोनों एकांत में खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करते थे। थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि मुखबिर से दो संदिग्ध लोगों के अलग-अलग चार पहिया वाहनों से बांदा जाने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरु की।
इसी दौरान दो चार पहिया वाहन चेकिंग को देखकर गाड़ी मोड़कर भागने लगे। पीछा कर उन्हें मुंगूस गांव के पास पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों में फतेहपुर जनपद के रामपुर कुर्मी गांव निवासी सौरभ कुमार और कानपुर नगर के नरवल निवासी राजेश शामिल हैं। वाहनों की तलाशी के दौरान डीजल से भरी छह जरीकेन, दो खाली, पाइप, वाहनों के नंबर प्लेट, अवैध तमंचा, कारतूस, नगदी, एक इनोवा क्रिस्टा व एक स्कार्पियो गाड़ी बरामद किया गया। आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ ट्रकों से डीजल चोरी का अपराध स्वीकार किया है। बताया कि वह चोरी कर अन्य ट्रक चालकों को सस्ती दरों पर डीजल बेच देते थे। पकड़ने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र, सृष्टि नगाइच, फूलचंद्र, धर्म सिंह, योगेंद्र शुक्ला, शमशेर, ज्योति शुक्ला सहित अन्य शामिल रहे।