UP: चूहों की बदबू से महिला आयोग की सदस्य हुईं परेशान, निरीक्षण छोड़कर लौटीं
अर्चना पटेल ने बताया कि स्टोर रूम में रखे फलों के पास से आ रही चूहों की बदबू इतनी असहनीय थी कि वह अंदर नहीं जा सकीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना पटेल सोमवार को बांदा स्थित महोखर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के निरीक्षण के दौरान मरे हुए चूहों की असहनीय दुर्गंध के कारण निरीक्षण बीच में ही छोड़कर चली गईं। उन्होंने छात्रावास और रसोई में व्याप्त गंदगी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
सर्किट हाउस में महिलाओं की शिकायतें सुनने के बाद, अर्चना पटेल कस्तूरबा विद्यालय महोखर का निरीक्षण करने पहुंचीं। विद्यालय के स्टोर रूम के पास पहुंचते ही उन्हें मरे हुए चूहों की तेज बदबू का एहसास हुआ। दुर्गंध इतनी तीव्र थी कि वह कक्ष में प्रवेश करने की हिम्मत नहीं जुटा सकीं और तुरंत बाहर की ओर भागीं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, अर्चना पटेल ने छात्राओं के शयन कक्षों का भी जायजा लिया। उन्होंने पाया कि छात्राओं के कमरों में कूलर की कोई व्यवस्था नहीं थी, जबकि स्टाफ के कमरों में कूलर लगे हुए थे। उन्होंने इस पर गहरा खेद व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में गर्मी और बढ़ेगी, ऐसे में छात्राओं को बिना कूलर के परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने इस समस्या का शीघ्र समाधान करने का आदेश दिया।
अर्चना पटेल ने बताया कि स्टोर रूम में रखे फलों के पास से आ रही चूहों की बदबू इतनी असहनीय थी कि वह अंदर नहीं जा सकीं। उन्होंने महिला थानाध्यक्ष को स्थिति देखने के लिए कहा। उन्होंने यह भी चिंता व्यक्त की कि जहां विद्यालय का स्टाफ सोता है, वहां कूलर की सुविधा है, लेकिन छात्राओं के रहने के स्थानों पर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने लगभग आधे घंटे तक अध्ययन कक्ष, विश्राम कक्ष और भोजनालय का निरीक्षण किया और सभी स्थानों पर विशेष रूप से साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।