UP: प्रेशर हॉर्न बजने से बाइक सवार दंपती घबराए, महिला की साड़ी ट्रक में फंसी, सिर पर पहिया चढ़ने से मौत
बाराबंकी में ड्यूटी जा रही महिला की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज आवाज वाले हॉर्न से बाइक असंतुलित हुई और महिला की साड़ी ट्रक में फंस गई। सड़क पर घिसटने के बाद पहिया सिर पर चढ़ गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाराबंकी के जहांगीराबाद में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में डेंटल कॉलेज जा रही महिला कर्मी की मौत हो गई। रसूलपुर निवासी सावित्री देवी अपने पति के साथ बाइक से लखनऊ ड्यूटी पर जा रही थीं। अतरोरा गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने प्रेशर हॉर्न बजाया, जिससे बाइक डगमगा गई। इस दौरान महिला की साड़ी ट्रक में फंस गई और वह सड़क पर घिसटती चली गईं। बाद में ट्रक का पहिया चढ़ने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
काफी दूर तक घिसटती गई चली
थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर निवासी सावित्री देवी अपने पति सहजराम गौतम के साथ बाइक से लखनऊ स्थित सरस्वती डेंटल कॉलेज ड्यूटी के लिए जा रही थीं। सुबह जैसे ही दोनों अतरोरा गांव के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार प्रेशर हार्न बजाया।
अचानक तेज आवाज से सहजराम का संतुलन बिगड़ गया। बाइक पर पीछे बैठी सावित्री देवी की साड़ी ट्रक में फंस गई। इससे वह सड़क पर घिसटती चली गईं। इसके बाद ट्रक का अगला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से चालक फरार बताया जा रहा है। मृतका सावित्री देवी अपने पीछे तीन बेटियां और एक पुत्र छोड़ गई हैं।
परिजनों में इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष दुर्गाप्रसाद शुक्ला ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कमेंट
कमेंट X