अभिषेक हत्याकांड: कोहनी लगने से छलका जाम, तो गुस्से में चाकू से गोदकर मार डाला, चार आरोपी वारदात में थे शामिल
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पांचवें की तलाश जारी है। तीन सगे भाई भी आरोपियों में शामिल हैं। पढ़ें पूरा खुलासा।

विस्तार
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के थाना बिथरी चैनपुर इलाके के रजऊ परसपुर गांव में चार दिन पहले अभिषेक यादव की हत्या का रविवार को खुलासा हो गया। पत्रकारवार्ता में एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पांचवें की तलाश जारी है। तीन सगे भाई भी आरोपियों में शामिल हैं। यहां बता दें कि जैसा अमर उजाला ने लिखा था कि दारू पार्टी के दौरान जाम छलकने को लेकर गैंगवार हुई, पुलिस ने भी ठीक वही खुलासा किया है।

15 अक्तूबर की रात साढ़े नौ बजे रजऊ मेले में रामलीला मंचन के दौरान करीब दो सौ मीटर दूर हाईवे पर अभिषेक यादव पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया था। अभिषेक को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता रामकिशन ने उस लड़की के पिता व अन्य पर रिपोर्ट करा दी जिस लड़की ने अभिषेक पर एक साल पहले छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को जांच में पता लगा कि उस रात चाकूबाजी में अभिषेक का दोस्त विकास भी घायल हुआ है। निजी अस्पताल में इलाज करा रहे विकास से पूछताछ में घटना की हकीकत सामने आ गई। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी थी।
ऐसे बने हालात...हत्या पर खत्म हुई बात
एसपी उत्तरी ने बताया कि घटना के भुक्तभोगी घायल विकास ने उस रात का जिक्र कर सच्चाई बताई। कहा कि वह अपने साथी अभिषेक, रिश्ते के चाचा प्रमोद और बबलू के साथ मेला देखने गया था। वह लोग भिंड़ौलिया की शराब दुकान पर जा पहुंचे। वहां चारों लोग शराब पी रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव नवदिया देहजब्ती निवासी दीपक, गोपी, हुकुम सिंह और रौनक भी वहां शराब पी रहे थे। अभिषेक की कोहनी लगने से उनमें से किसी एक का शराब से भरा गिलास छलक गया।
उसने अभिषेक को गाली दी तो अभिषेक ने जवाब दिया। तब दोनों गुटों में मारपीट होने लगी। वह लोग दूसरे गुट पर भारी पड़े। तब दूसरे गुट ने कॉल करके कुछ और लड़कों को बुला लिया। वह लोग भागे तो नवदिया के लड़कों का गैंग पीछे पड़ गया। मेले के पास हाईवे पर इन्होंने अभिषेक और विकास पर चाकू से हमला कर दिया, इससे अभिषेक की मौत हो गई, विकास घायल हो गया।
नामजदों के खिलाफ नहीं मिले साक्ष्य, नए आरोपियों का जुड़ा नाम: एसपी उत्तरी
एसपी उत्तरी ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ अभिषेक के पिता ने रिपोर्ट कराई थी, उनकी फिलहाल हत्या में भूमिका नहीं मिली है। हालांकि अभी विवेचना जारी रहेगी, कोई नया साक्ष्य मिलेगा तो उसके मुताबिक गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि नए पांच आरोपियों के नाम मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी गोपी के पास से चाकू बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि अच्छा काम करने पर टीम को सराहना पत्र दिया जाएगा।