UP News: बरेली के पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, डेढ़ घंटे चली छानबीन
बरेली के डीडीपुरम स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को खलबली मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और गहनता से छानबीन की। हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
विस्तार
बरेली के डीडी पुरम स्थित पासपोर्ट कार्यालय को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए मिली, जिससे कार्यालय में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। गहन छानबीन के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उधर, बदायूं जिले में पुलिसत अलर्ट मोड में आ गई। यहां भी पुलिस ने जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला।
ईमेल में दोपहर एक बजकर दस मिनट पर बम विस्फोट होने का समय लिखा था। पासपोर्ट अधिकारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। दोपहर एक से डेढ़ बजे तक पूरा स्टाफ कार्यालय से बाहर खड़ा रहा। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने कार्यालय की छानबीन की। उन्होंने लोगों के बैग और कार्यालय का हर कोना खंगाला। डेढ़ घंटे की जांच के बाद कोई बम न मिलने पर टीम लौट गई। धमकी भरे ईमेल में बरेली के अलावा बदायूं और पीलीभीत के पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर भी एहतियातन जांच के निर्देश थे। बरेली पासपोर्ट मुख्यालय के अधीन पीलीभीत बाईपास बरेली, संभल, बिजनोर, एटा, फिरोजाबाद, अमरोहा, कासगंज, मैनपुरी, मुरादाबाद, पीलीभीत, रामपुर और शाहजहांपुर आते हैं।
साइबर इकाई कर रही जांच, सुरक्षा कड़ी
पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मेल भेजने वाले का कोई नाम या पता नहीं था और इस बार मेल की भाषा पूर्व में भेजे गए मेल से अलग है। साइबर इकाई की टीम ईमेल के आईपी पते से स्रोत का पता लगाने में जुटी है। बता दें कि इससे पहले 27 मार्च को भी बरेली के पीलीभीत बाइपास स्थित पासपोर्ट दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस वक्त भी ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी।
अन्य जिलों में भी सतर्कता और जांच
बदायूं जिले में भी धमकी भरे मेल के बाद सतर्कता बरती गई। डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में पुलिस तथा विशेष जांच टीमों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों तक चली इस जांच के दौरान किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई। इससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की टीम ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। जिले में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है।