Bareilly News: अवैध कॉलोनी पर चला बीडीए का बुलडोजर, चार दोमंजिला भवन किए गए सील
बरेली में अवैध निर्माण पर बीडीए की कार्रवाई जारी है। भोजापुरा क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर बीडीए ने शनिवार को बुलडोजर चला। अलग-अलग बिल्डरों की ओर से बनाए जा रहे अवैध भवनों को भी सील किया गया है।
विस्तार
बरेली में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) का अभियान शनिवार को भी जारी रहा। प्राधिकरण की टीम ने थाना भोजीपुरा क्षेत्र में पुलिस बल के साथ अवैध कॉलोनी के ध्वस्तीकरण और कई निर्माणाधीन भवनों को सील करने की कार्रवाई की है।
बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि भोजीपुरा क्षेत्र में अमरजीत सिंह की ओर से मॉर्डन विलेज के नाम से लगभग 3000 वर्गमीटर भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। बिना किसी अनुमति के यहां सड़कों का निर्माण, बाउंड्रीवाल और भूखंडों का चिन्हांकन किया गया था, जिसे ध्वस्त कर दिया।
बीडीए ने क्षेत्र में चार अलग-अलग बिल्डरों की ओर से बनाए जा रहे अवैध दो मंजिला भवनों को भी सील कर दिया गया। पहली कार्रवाई इंद्रजीत मेहता बिल्डर्स ने यहां हुई। यहां पर 1200 वर्गमीटर में बन रहे दो मंजिला भवनों को सील किया गया। इसके बाद राममूर्ति बिल्डर्स के यहां पर 180 वर्गमीटर में निर्माणाधीन दो मंजिला भवन पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। सचिन बिल्डर्स के यहां पर 160 वर्गमीटर में बन रहा दो मंजिला भवन सील किया गया। सोनू सिंह बिल्डर्स के 140 वर्गमीटर में किए गए अवैध दो मंजिला निर्माण को सील किया गया।
भूखंड या भवन खरीदने से पहले जरूर कर लें ये जानकारी
प्राधिकरण की ओर से बताया गया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी भूखंड या भवन की खरीदारी न करें। किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग या निर्माण से पूर्व बीडीए से नक्शा पास कराना अनिवार्य है। अवैध निर्माण के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह, सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, गजेंद्र शर्मा, विनोद कुमार, अवर अभियंता अजीत कुमार साहनी, सीताराम आदि मौजूद रहे।