Bareilly News: भाजपा सांसद बोले- विजिलेंस चेकिंग के नाम पर विद्युत उपभोक्ताओं से की जा रही वसूली
बरेली के सर्किट हाउस में भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार की अध्यक्षता में शुक्रवार को विद्युत निगम की समन्वय बैठक हुई, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि विजिलेंस चेकिंग के नाम पर उपभोक्ताओं से वसूली की जा रही है, इसे तत्काल बंद किया जाए।
विस्तार
बरेली में विद्युत निगम की ओर से शनिवार को विभिन्न विकास कार्यो के संबंध में समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ विद्युत संबंधी विभिन्न योजनाओं के तहत कराए जा रहे विकास कार्यो पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि विजिलेंस चेकिंग के नाम उपभोक्ताओं से सीधे वसूली की जा रही है। बिल संशोधन के नाम पर परेशान किया जाता है। इसको तत्काल बंद किया जाए।
उन्होंने कहा कि घरों पर गए बगैर रीडिंग के बिल बना दिया जा रहा है। जिससे उपभोक्ताओं को अधिकारियों व कर्मचारियों का चक्कर काटना पड़ रहा है। बिल संशोधन के नाम पर भी कुछ भरना पड़ जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्टोर से सामान नहीं मिलता है, इस व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। निजी नलकूप में कनेक्शन होने के बाद भी स्टोर से सामान उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर डॉ.उमेश गौतम, बिथरी विधायक राघवेंद्र शर्मा, नवाबगंज विधायक एमपी आर्या, मुख्य अभियंता विद्युत निगम बरेली प्रथम ज्ञान प्रकाश आदि रहे।
100 रुपये नेगेटिव आने पर काट रहे बिल
एमएलसी महराज सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं का 100 रुपये नेगेटिव बिल जाने पर लाइट काट दी जाती है, जिनका पुराना मीटर है और 50 हजार रुपये बिल बकाया है। उनका कुछ नहीं किया जा रहा है। वे आसानी से बिजली चला रहे हैं। ऐसे में प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं में असंतोष व्याप्त है। कुछ मैसेज देने व सूचना देने का काम करें।
जब सांसद ने बड़े बकायेदारों को कहा चोर
सांसद छत्रपाल गंगवार ने चेताया कि बिजली निगम की तरफ से चलाए गए ओटीएस में 36 फीसदी बिजली बिल की वसूली नाकाफी है। इस दौरान उन्होंने बकायेदार उपभोक्ताओं को चोर कहा। कहा कि ऐसे उपभोक्ताओं को नोटिस दीजिए, दंडात्मक कार्रवाई कर आरसी जारी कीजिए।
एक घर में दो कनेक्शन का मामला उठा
मीरगंज के जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी ने सदन में मुद्दा उठाया कि उनके क्षेत्र में कई घरों में दो कनेक्शन दे दिए गए हैं। नंदगांव में मां के नाम अलग व बेटे के नाम अलग कनेक्शन दे दिया है। जो गरीब बल्ब जलाते हैं उनके घरों में बिजली का बिल बढ़कर नौ हजार रुपये तक आ रहे हैं। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल ट्रॉली से टायर गायब है। सांसद के निर्देश पर चीफ अभियंता ज्ञान प्रकाश ने क्षेत्र में पांच अप्रैल को शिविर लगाने को कहा।
सांसद छत्रपाल गंगवार के प्रतिनिधि नरेंद्र गंगवार ने भोजीपुरा के जेई पर आरोप लगाया। कहा कि जब एक पीड़ित ने फोन करके कहा कि सांसद से बात कर लीजिए तो उन्होंने फोन पर बात करने से मना कर दिया। यह क्या बात होती है। उनको प्रोटोकॉल का तनिक भी ख्याल नहीं है। इस पर मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने उनको कार्यालय में तलब करने का निर्देश दिया।
चुनावी वर्ष में जनता महंगाई व बिजली रखती है याद
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने बिजली विभाग के अधिकारियों को कहा कि यह चुनावी वर्ष है। इसमें जनता बिजली व महंगाई को ही याद रखती है। जनता का तापमान सहीं रखेंगे तो सब ठीक रहेगा। यहीं योगी व मोदी सरकार कहती है कि विद्युत सप्लाई ठीक रखोगे तो सब ठीक रहेगा।