Budaun News: प्रेमिका से बात करने के शक में की थी आसिफ की हत्या, आरोपी बंटी ने कोर्ट में किया सरेंडर
फैजगंज बेहटा क्षेत्र में युवक की हत्या के मुख्य आरोपी बंटी ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस उसे तलाश करती रही, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पुराने मामले में सरेंडर कर जेल चला गया।
विस्तार
बदायूं के फैजगंज बेहटा क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी बंटी ने पुलिस को चकमा देते हुए बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। 31 मार्च को हुई इस वारदात के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचते हुए एक पुराने मामले में न्यायालय में आत्मसमर्पण कर जेल चला गया।
घटना फैजगंज बेहटा कस्बे के वार्ड संख्या-8 निवासी आसिफ उर्फ गुड्डू पुत्र इकबाल खां से जुड़ी है। उसका शव गांव सिसरका के जंगल में खून से लथपथ अवस्था में मिला था। शव के गले में काला गमछा फंसा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जहां रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
मृतक के बेटे अमन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन लोग उसके पिता को घर से बुलाकर ले गए थे। इस दौरान की सीसीटीवी फुटेज भी उसके पास मौजूद है। आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उसके पिता की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को सिसरका के जंगल में फेंक दिया। इस आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
प्रेमिका से संबंध होने के शक में की थी हत्या
जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर उन्हें छोड़ दिया गया। आगे की जांच में सामने आया कि आरोपी बंटी को शक था कि आसिफ उसकी प्रेमिका से बात करता है और दोनों के बीच संबंध हैं। इसी शक के चलते उसने आसिफ को बहाने से बुलाया, शराब पिलाई और बाद में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी, लेकिन वह लगातार हाथ नहीं आ सका। इसी बीच उसने एक अन्य पुराने मामले में कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।