Bareilly News: हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से बस में लगी आग, अंदर सो रहा हेल्पर गंभीर रूप से झुलसा
बरेली के बहेड़ी में रविवार रात तेज हवा के कारण हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर बस पर गिर गया, जिससे बस में आग लग गई। बस के अंदर सो रहा हेल्पर करंट लगने से झुलस गया। उसे बरेली रेफर किया गया है।
विस्तार
बरेली के बहेड़ी में रविवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रात में तेज हवा के कारण हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर रोडवेज बस अड्डे के पास खड़ी एक बस पर गिर गया। तार गिरते ही बस में चिंगारी के साथ आग लग गई। बस के अंदर सो रहा हेल्पर करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार पीलीभीत-बहेड़ी मार्ग पर चलने वाली बसें रविवार रात रोडवेज बस अड्डे के पास खड़ी थीं। रात में तेज हवा के कारण हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर बस संख्या UP 26 T 9897 पर गिर गया। तार गिरते ही बस में चिंगारी के साथ आग भड़क उठी। उस समय बस के अंदर सो रहा हेल्पर अन्नू निवासी मधोटांडा, जिला पीलीभीत करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
चाय विक्रेता ने दी बिजली निगम को सूचना
पास में स्थित एक चाय की दुकान के संचालक ने हालात को भांपते हुए तुरंत बिजली निगम को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का काफी हिस्सा जल चुका था।
करंट से झुलसे हेल्पर को आनन-फानन स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद न कराई जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि आसपास कई बसें और दुकानें मौजूद थीं। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।