UP News: बरेली में तेज रफ्तार कार पलटी, व्यापारी की पत्नी की मौत, तीन गंभीर घायल; देखें हादसे का वीडियो
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुए कार हादसे का वीडियो सामने आया है। वीडियो में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी दिख रही है। इस हादसे में व्यापारी की पत्नी की मौत हो गई थी। व्यापारी और कोचिंग संचालक दंपती गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का उपचार चल रहा है।
विस्तार
बरेली के आईवीआरआई परिसर में शनिवार रात आयोजित बिस्मिल नाइट से लौटते वक्त तेज रफ्तार कार इज्जतनगर थाने के पास सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे में मॉडल टाउन निवासी कपड़ा व्यापारी की पत्नी की मौत हो गई। खुद व्यापारी व उनके साथ मौजूद कोचिंग संचालक दंपती गंभीर घायल हो गए। इनमें से एक को दिल्ली रेफर किया गया है। दर्दनाक हादसा हादसा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
मॉडल टाउन निवासी हर्षुल अरोड़ा की प्रेमनगर में कपड़े की दुकान है। वह पत्नी 30 वर्षीय शीतू के साथ बिस्मिल नाइट में शामिल होने आईवीआरआई गए थे। रात करीब 12 बजे वहां से लौट रहे थे। हर्षुल के दोस्त मॉडल टाउन के ही निवासी कोचिंग संचालक पारसखेड़ा और पारस की पत्नी भावना खेड़ा भी साथ थीं। लग्जरी कार में दोनों दंपती लौट रहे थे। इस दौरान उनकी कार आगे चल रही बाइक को बचाने के चक्कर में साइड में चली गई।
प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि कार दो पलटी खाकर नाले में गिर गई। पीछे दूसरी कारों से आ रहे परिचितों ने उनको बाहर निकाला और दूसरे वाहनों से निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, तब तक शीतू की मौत हो चुकी थी। शीतू के शरीर की कई हड्डियां टूट गई थीं। पारस को गंभीर हालत में निजी अस्पताल से दिल्ली रेफर कर दिया गया। बाकी दोनों का यहीं उपचार चल रहा है।
दो साल की बच्ची की मां थीं शीतू
शीतू की शादी पांच साल पहले हुई थी। वह दो साल की बेटी की मां थीं। पारस की कुछ समय पहले ही भावना से शादी हुई है। दोनों ही परिवार काफी संपन्न हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों के लोग अस्पतालों के चक्कर लगा रहे हैं। शीतू के शव का सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बस की टक्कर से युवक की मौत, दोस्त घायल
सीबीगंज क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों को एक बस ने टक्कर मार दी। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को महानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की मौत हो गई। घटना शनिवार रात साढ़े आठ बजे सीबीगंज में राजकीय पॉलिटेक्निक के सामने रामपुर रोड पर हुई। गांव जौहरपुर निवासी 34 साल के गौरव श्रीवास्तव व सुमित साहू बाइक से सीबीगंज से घर लौट रहे थे।
इस दौरान बस ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को महानगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गौरव श्रीवास्तव की मौत हो गई। चालक बस छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने बताया कि गौरव पेंटर का काम करते थे। एक साल पहले गीता से उनकी शादी हुई थी। उनकी तीन माह की बेटी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.