Bareilly News: थाने में भाजपा नेता को पीटा, सीओ के फॉलोअर से की गालीगलौज, इंस्पेक्टर क्राइम निलंबित
बरेली के नवाबगंज थाने में भाजपा नेता से मारपीट और सीओ के फॉलोअर से अभद्रता करना इंस्पेक्टर क्राइम जयपाल सिंह को भारी पड़ गया। शिकायत मिलने पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर क्राइम को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
नवाबगंज थाने में इंस्पेक्टर क्राइम जयपाल सिंह की तैनाती के बाद से शिकायतों का दौर शुरू हो गया था। खासकर रात में थाने आने वाले फरियादियों के साथ उनके व्यवहार को लेकर शिकायतें ज्यादा थीं। शनिवार रात भी ऐसा ही हुआ। सीओ नवाबगंज के फॉलोअर वीरपाल और भाजपा के बूथ अध्यक्ष देवेंद्र कुमार थाना आए थे। वह जैसे ही महिला हेल्प डेस्क के पास पहुंचे, इस बीच लोअर और टीशर्ट में कुर्सी पर बैठे जयपाल सिंह इन्हें बुलाकर धमकाने लगे।
सफाई दी, पर नहीं माने इंस्पेक्टर क्राइम
दोनों ने बताया कि उनके एक परिचित थाने में बैठाए गए हैं, उनके बारे में जानकारी लेने आए हैं। इतना सुनते ही जयपाल सिंह ने वीरपाल से गालीगलौज कर दी। वीरपाल ने उन्हें बताया कि वह सीओ के फॉलोअर है तो भी जयपाल सिंह अभद्रता करते रहे। बाद में भाजपा नेता देवेंद्र कुमार को लातों-घूसों से पीटकर हवालात में बंद करने की कोशिश की। थाने में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर कमरे में भेज दिया।
एसएसपी बोले- अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
वीरपाल और देवेंद्र कुमार ने तुरंत सीओ व एसएसपी से फोन पर शिकायत की। जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने इंस्पेक्टर जयपाल सिंह से बुलाकर मामले की जानकारी ली। प्राथमिक जांच को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने जयपाल सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।