बरेली बार चुनाव परिणाम: अध्यक्ष पद पर मनोज कुमार हरित फिर जीते, दीपक पांडेय बने सचिव; जानिए पूरा अपडेट
बरेली बार एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव में मनोज कुमार हरित ने अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा बरकरार रखा। हरित ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी ज्वाला प्रसाद गंगवार को 123 मतों से हराया। मंगलवार रात अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित किया गया। बुधवार को सचिव पद पर दीपक पांडेय को विजयी घोषित किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली बार एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव की मतगणना मंगलवार को कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच कराई गई। गहमा-गहमी के बीच पूर्वाह्न 11 बजे मतपेटियां खुलने के साथ ही बार सभागार अखाड़े में तब्दील नजर आया। दोपहर दो बजे के बाद परिणाम आने शुरू हुए। इस दौरान कई बार दोबारा मतगणना को लेकर हंगामे की स्थिति भी बनी। हाथापाई और मारपीट भी हुई। रात 11 बजे के बाद अध्यक्ष पद के नतीजे आए, लेकिन विवाद के कारण सचिव पद पर मतगणना रोक दी गई। अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार मनोज कुमार हरित निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी ज्वाला प्रसाद गंगवार को 123 मतों से शिकस्त दी।
दीपक पांडेय सचिव निर्वाचित
बुधवार को मतगणना के बाद सचिव पद पर दीपक पांडेय 24 वोट से विजयी घोषित कर दिया गया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी गौरव राठौर को हराया। मंगलवार रात दोनों पक्षों में विवाद के कारण सचिव पद पर मतगणना रोक दी गई थी। दीपक पांडेय 18 वोट से आगे थे, लेकिन गौरव राठौर ने विरोध जताया और दोबारा से मतगणना कराई तब दीपक पांडेय 14 वोट पर आ गए। बुधवार को हुई मतगणना के बाद दीपक पांडे 24 वोट से बरेली बार एसोसिएशन के सचिव निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव जयपति ने बताया कि सचिव पद पर दीपक पांडेय और गौरव सिंह राठौर के बीच मुकाबला था। दोनों प्रत्याशी मतगणना से संतुष्ट नहीं थे। इसके बाद बुधवार को दोबारा से मतगणना कराने का निर्णय लिया गया था। उपाध्यक्ष पद पर दो और संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर तीन और सचिव पद के लिए दो बार रीकाउंटिंग कराई गई। दोपहर दो बजे पहला नतीजा आया। उपाध्यक्ष पद पर हुलासी राम गंगवार ने 565 वोट पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अमित कुमार सिंह को 50 मतों से हराकर जीत अपने नाम की।
रजत मोहन बने कनिष्ठ उपाध्यक्ष
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रजत मोहन को कुल 1029 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद नसीम सैफी को रिकार्ड 544 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। संयुक्त सचिव (प्रकाशन) पद पर शांतनु मिश्रा ने 462 मतों से जीत दर्ज की। उनको 881 वोट मिले जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी रीना सिंह 419 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। संयुक्त सचिव (प्रशासन) रोहित कुमार चुने गए। उनको 568 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी मोहम्मद आमिर को 334 वोट ही मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर इस बार धर्मवीर सिंह ने जीत दर्ज की है। उनको 717 वोट मिले। ललित कुमार सिंह 450 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर सौरभ अग्निहोत्री ने 19 वोट के अंतर से प्रेरणा को शिकस्त देकर जीत अपने नाम कर ली। प्रेरणा को 709 वोट मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर जयपाल सिंह ने 21 मतों से जीत दर्ज की है। 707 वोट हासिल कर अनुपम अग्रवाल दूसरे नंबर पर रहे। प्रबंध कार्यकारिणी वरिष्ठ के पद पर दीप्ती सक्सेना ने जीत दर्ज की है। दीप्ती को 938 वोट मिले। 759 वोट पाकर अजय कुमार मौर्य दूसरे स्थान पर रहे।
हाथापाई की नौबत आई, बढ़ाना पड़ा पुलिस फोर्स
मतगणना के दौरान कई बार हंगामा हुआ। बात हाथापाई तक पहुंच गई। सोमवार को मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग की शिकायत को लेकर कई बार हंगामा हुआ था। चुनाव हारने वाले प्रत्याशी दोबारा काउंटिंग कराने की की मांग करने लगे। इस पर माहौल गरम हो गया। शाम छह बजे के बाद दो पक्षों में हाथापाई भी हो गई। किसी तरह से निर्वाचन मंडल और पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला। एक निवर्तमान पदाधिकारी के भतीजे ने एक अधिवक्ता को थप्पड़ भी मार दिया।
मतगणना स्थल पर तैनात रही पुलिस फोर्स
80 अधिवक्ताओं ने आजमाई किस्मत
बार एसोसिएशन चुनाव में 80 अधिवक्ताओं ने किस्मत आजमाई। अध्यक्ष पद पर छह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चार, उपाध्यक्ष पद पर सात, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चार, सचिव पद पर चार, संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर नौ, संयुक्त सचिव प्रकाशन पद पर पांच, संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर चार, कोषाध्यक्ष पद पर छह, प्रबंध कार्यकारिणी वरिष्ठ पद पर 12 और प्रबंध कार्यकारिणी कनिष्ठ के पद पर 19 प्रत्याशी मैदान में थे।
2428 अधिवक्ताओं ने किया मतदान
बार में पंजीकृत 2736 अधिवक्ताओं में से 2428 अधिवक्ताओं ने सोमवार को मतदान किया था। मुख्य चुनाव अधिकारी राजीव जयपति ने बताया कि सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाणपत्रों का वितरण कर दिया गया है। चुनाव पूरी तरह से स्वतंत्र और निष्पक्ष रहा। नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण की तारीख बाद में तय की जाएगी।
छावनी में तब्दील किया गया बार मार्ग और बार भवन
मतगणना के दौरान बार सभागार और बार मार्ग को छावनी में तब्दील कर दिया गया। कमिश्नरी गेट पर बैरीकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया। सीसी कैमरों की निगरानी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मतगणना कराई गई। कड़ाके की ठंड के बीच अधिवक्ताओं के साथ-साथ पुलिस अधिकारी और फोर्स अलाव तापते हुए परिणामों का इंतजार करते नजर आए। अलाव तापते वक्त चाय के साथ हार-जीत पर चर्चा होती रही।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.