Bareilly News: श्यामगंज से गंगापुर तक जमीन की दरें बराबर, 17 अगस्त तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
जिला प्रशासन ने शहर के व्यावसायिक और ग्रामीण इलाकों में सर्किल रेट में वृद्धि प्रस्तावित की है। प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में दरों में 20 फीसदी तक का इजाफा हुआ है। इन प्रस्तावित दरों पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 17 अगस्त है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में जिला प्रशासन ने पिछले साल की तुलना में सर्किल रेट में महत्वपूर्ण बदलाव प्रस्तावित किए हैं। शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में जमीन की सरकारी कीमतों में वृद्धि की गई है। नई बस्ती, नरकुलागंज, श्यामगंज और गंगापुर में व्यावसायिक भूमि का रेट एक समान 98 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर प्रस्तावित है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जहां जमीन की खरीद-फरोख्त अधिक है, वहां दरों में इजाफा किया गया है। जिला प्रशासन ने 17 अगस्त तक आपत्ति मांगी है। इस लिहाज से दरों पर आपत्ति के लिए अब लोगों के पास महज सोमवार का दिन ही शेष है।
मूर्ति नर्सिंग होम यानी नई बस्ती से गंगापुर चौराहे होते हुए श्यामगंज आने वाले मार्ग पर दरों में समानता लाई गई है। पिछले वर्ष नई बस्ती में व्यावसायिक जमीन का रेट 82 हजार, नरकुलागंज में 81 हजार, श्यामगंज में 97,500 और गंगापुर में 82 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर था। प्रस्तावित दर में नई बस्ती में करीब 19 फीसदी, नरकुलागंज में 20 फीसदी, श्यामगंज में करीब दो फीसदी और गंगापुर में 19 फीसदी वृद्धि की गई है। अब चारों क्षेत्रों के लिए 98 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर का प्रस्ताव है।
गांधी उद्यान से श्यामगंज चौराहे तक कस्बा हाफिजपुर, सेहमल खेड़ा और फाल्तुनगंज में व्यावसायिक दर 1.01 लाख से बढ़ाकर 1.21 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दी गई है। रामपुर बाग में भी 1.10 लाख से बढ़ाकर 1.32 लाख रुपये किया गया है।
पीलीभीत बाइपास पर भी बढ़ी दरें
सेटेलाइट बस अड्डे से बीसलपुर चौराहे तक पीलीभीत बाइपास रोड पर अकृषक भूमि की दर 48 हजार से बढ़ाकर 57 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की गई है। नवादा शेखान, जगतपुर, लाला बेगम और कस्बा हाफिजपुर क्षेत्र में व्यावसायिक भूमि का रेट 89 हजार से बढ़ाकर 1.06 लाख रुपये प्रस्तावित किया गया है। दोनों श्रेणियों में करीब 18 फीसदी वृद्धि हुई है।
सिविल लाइंस और नावल्टी में 20फीसदी वृद्धि
सिविल लाइंस में अयूब चौराहे से हनुमान मंदिर होते हुए नावल्टी चौराहे तक व्यावसायिक दर 1,18,500 से बढ़ाकर 1.42 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दी गई है। नावल्टी से टाघर-कुतुबखाना और अयूब खां से चौपुला चौराहे तक भी यही दर प्रस्तावित है। इस दायरे मैं आजमनगर, मकरंदपुर सरकार, नौमहला, सिविल लाइंस और बिहारीपुर क्षेत्र आते हैं।
जनकपुरी में आवासीय जमीन की दरों में करीब 15 फीसदी वृद्धि की गई है। छह मीटर चौड़े मार्ग पर दर 43 हजार से बढ़ाकर 50 हजार, नौ मीटर पर 44 हजार से 51 हजार और नौ मीटर से अधिक चौड़े रास्ते पर 45 हजार से 52 हजार रुपये प्रस्तावित हैं। व्यावसायिक दर 65,500 से बढ़ाकर 73 हजार रुपये की गई है।
एकता नगर में छह मीटर मार्ग पर आवासीय दर 39 हजार से बढ़ाकर 47 हजार, नौ मीटर पर 41 से 49 हजार और नौ मीटर से अधिक पर 43 से 51 हजार रुपये की गई है। व्यावसायिक रेट 69 हजार से 79 हजार रुपये हो गया है।
प्रेमनगर में भी आवासीय दरें 42 से 50 हजार और 46 से 54 हजार रुपये तक बढ़ाई गई हैं, जबकि व्यावसायिक रेट 69 हजार से 79 हजार रुपये प्रस्तावित है। गांधीनगर में आवासीय दरें 37 से 43 हजार, 38 से 44 हजार और 39 से 45 हजार रुपये तक पहुंच गई हैं। व्यावसायिक दर 63 हजार से बढ़ाकर 72 हजार रुपये की गई है।
एआईजी स्टांप पूनम सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से प्रस्तावित सर्किल रेट जारी कर 17 अगस्त तक आपत्ति मांगी गई है। प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम दरों का प्रकाशन 25 अगस्त को किया जाएगा।