Bareilly News: सेटेलाइट बस अड्डे के पास नाले में गिरा युवक, तलाश में जुटीं कई टीमें, नहीं चला पता
बरेली में सेटेलाइट बस अड्डे के पास मंगलवार रात दर्दनाक हादसा हुआ। यहां पर एक युवक खुले नाले में गिर गया। उसका पता नहीं चल सका है। कई टीमें देर रात तक उसकी तलाश में जुटी रहीं।
विस्तार
बरेली में सेटेलाइट बस अड्डे के पास मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे एक युवक नाले में गिर गया। आसपास मौजूद यात्रियों ने पुलिस को सूचना दी। रात साढ़े 12 बजे तक कई टीमें उसकी तलाश में जुटी रहीं, मगर पता नहीं चल सका। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि होली से पहले सफाई के दौरान नगर निगम के सफाईकर्मियों ने स्लैब हटाया था। इसके बाद से नाला खुला हुआ था।
थाना बारादरी के इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि सेटेलाइट पुलिस चौकी के माध्यम से सूचना मिली कि कोई युवक रोडवेज बस अड्डे के पास गहरे नाले में गिर गया है। इंस्पेक्टर ने मौके पर आकर सीसीटीवी कैमरों का फुटेज देखा तो व्यक्ति नाले में गिरता हुआ नजर आया।
पुलिस के मुताबिक हावभाव से लग रहा है कि व्यक्ति नशे की हालत में है और वह धोखे से थोड़ी सी खुली जगह में गिरकर गहरे नाले में चला गया है। पुलिस ने तत्काल नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। थोड़ी ही देर में एनडीआरएफ और फिर एसडीआरएफ की टीम मौके पर आ गई।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
एडीएम सिटी, नगर आयुक्त और सीओ तृतीय भी मौके पर पहुंचे। बचाव टीमों ने नाले का पानी निकालकर व्यक्ति की तलाश करने की कोशिश शुरू कर दी गई। रात साढ़े 12 बजे तक यह अभियान जारी था लेकिन संबंधित व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका था।
सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि व्यक्ति कौन है और कहां का रहने वाला है, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। पहला प्रयास उसे नाले से निकालने का है, इसके बाद उसके और परिवार के बारे में जानकारी की जाएगी।