फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Pilgrims begin arriving for Urs-e-Razvi in Bareilly langar committees urged to serve vegetarian food

उर्स-ए-रजवी: बरेली में जायरीन की आमद शुरू, लंगर कमेटियों से शाकाहारी भोजन परोसने की अपील

Wed, 05 Aug 2026 12:53 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली Published by: Mukesh Kumar Updated Wed, 05 Aug 2026 12:53 PM IST
सार

बरेली में तीन दिवसीय उर्स-ए-रजवी के लिए जायरीन की आमद शुरू हो गई है। इस बार सावन के चलते आला हजरत दरगाह के प्रमुख सुब्हानी मियां ने शाकाहारी लंगर परोसने का आग्रह किया है। उर्स के सभी कार्यक्रम इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर होंगे। 

विज्ञापन
Pilgrims begin arriving for Urs-e-Razvi in Bareilly langar committees urged to serve vegetarian food
दरगाह आला हजरत - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बरेली में तीन दिवसीय उर्स-ए-रजवी छह अगस्त से शुरू हो रहा है।  इसके लिए जायरीन की आमद शुरू हो गई है। मॉरीशस और नेपाल के साथ ही कई अन्य देशों व देश के अलग-अलग हिस्सों से भी अकीदतमंद जुटने लगे हैं। आला हजरत दरगाह पर इन दिनों रौनक भी बढ़ी हुई है। उर्स में आने वाले जायरीन शाकाहारी लंगर छकेंगे। आला हजरत दरगाह के प्रमुख सुब्हानी मियां ने सावन में लागू मांसाहार संबंधी पाबंदियों के मद्देनजर लंगर कमेटियों से मांसाहारी के बजाय शाकाहारी पकवान परोसने का आग्रह किया है। 

विज्ञापन


आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी के उर्स के सभी कार्यक्रम उर्स स्थल इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर होंगे। सैयद आसिफ मियां की निगरानी में यहां तैयारियां की जा रही हैं। उर्स स्थल पर जायरीन के बैठने के लिए इस बार बड़ा पंडाल बनाया गया है, इसी में मंच भी होगा।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें- उर्स-ए-रजवी: बरेली जंक्शन पर 25 ट्रेनों को दिया जाएगा अतिरिक्त ठहराव, छह विशेष गाड़ियां भी चलेंगी
विज्ञापन
विज्ञापन


मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि जायरीन को दरगाह मेहमानखाना, मदरसा मंजर-ए-इस्लाम, अफ्रीकी हॉस्टल, रहमानी मेहमानखाना, मंजर-ए-इस्लाम हॉस्टल में ठहराया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से इस्लामिया इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, खलील हायर सेकेंड्री, कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज, इस्लामिया बेसिक स्कूल, किशोर बाजार प्राइमरी स्कूल में जिला प्रशासन की ओर से व्यवस्था की गई है।

सज रहा मजहबी किताबों का मेला
उर्स-ए-रजवी के मद्देनजर मजहबी किताबों का अस्थाई पुस्तक मेला उर्स स्थल पर सज रहा है। यहां करीब 250 स्टाॅल लगाए जा रहे हैं। यहां आला हजरत के साहित्य समेत अहले सुन्नत के बुजुर्गों की किताबें कम दामों में जायरीन को उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिलाधिकारी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
उर्स की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह व नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने मंगलवार को दोबारा उर्स स्थल इस्लामिया मैदान का निरीक्षण किया। बारिश के कारण मैदान में भरे पानी को निकालने व जमीन को समतल करने के निर्देश अपने अधीनस्थ अधिकारियों को दिए। उलमा व जायरीन के बैठने के लिए तैयार हो रहे मंच व पंडाल का भी निरीक्षण किया। 

दरगाह प्रमुख की अपील: जायरीन को परोसा जाए शाकाहारी लंगर 
दरगाह के प्रमुख सुब्हानी मियां ने सोशल मीडिया के जरिये अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि उर्स-ए-रजवी में जायरीन की खिदमत में विभिन्न लंगर कमेटियां और सेवादार बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस साल उर्स सावन में हो रहा है।  इस दौरान प्रशासन ने मांसाहार से संबंधित कुछ पाबंदियां लागू कर रखी हैं। इसलिए उन्होंने सभी लंगर कमेटियों और आयोजकों से शाकाहारी भोजन की व्यवस्था करने के लिए कहा है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि दरगाह प्रमुख की ओर से शाकाहारी लंगर पर जोर देने की अपील होने की जानकारी मिली है। यह कदम स्वागत योग्य है।  

200 विद्यार्थियों को मिलेगी नीट व जेईई की निशुल्क कोचिंग
उर्स-ए-रजवी के मौके पर जमात रजा-ए-मुस्तफा के सौदागरान स्थित मुख्यालय पर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक कल्याणकारी पहल की घोषणा की गई है। जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव व आला हजरत ताजुश्शरिया सोसाइटी के संस्थापक फरमान हसन खान की सरपरस्ती में यह बैठक संपन्न हुई। फरमान मियां ने बताया कि इस वर्ष 200 आर्थिक रूप से कमजोर व मेधावी विद्यार्थियों को नीट व जेईई की निशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी।

विभिन्न बोर्ड के कक्षा छह से 12 तक के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक सहायता दी जाएगी। बैठक में सैयद जसीम, अब्दुल्ला रजा, शमीम अहमद, मेहंदी हसन, मोईन खान आदि मौजूद रहे।

जरूरतमंद मरीजों के होंगे मुफ्त ऑपरेशन
जमात के पूर्व प्रवक्ता समरान खान ने बताया संस्था की तरफ से गरीब और जरूरतमंद मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। मोतियाबिंद, पित्त की पथरी, हर्निया और महिलाओं से संबंधित विभिन्न बीमारियों के ऑपरेशन बरेली के निजी अस्पतालों में कराए जाएंगे। इच्छुक मरीज दरगाह ताजुश्शरिया स्थित जमात के मुख्य कार्यालय अथवा किला स्थित संस्था के कार्यालय में संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed