LPG Crisis: बरेली में 51 हजार पीएनजी उपभोक्ताओं को सरेंडर करना होगा एलपीजी कनेक्शन, किया जा रहा चिह्नित
बरेली के पीएनजी कनेक्शन धारकों के लिए बड़ी खबर है। जिनके पास पीएनजी और एलपीजी दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें अपनी एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा। पेट्रोलियम कंपनियां ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित कर रही हैं।
विस्तार
बरेली में रसोई गैस की किल्लत के बीच 51 हजार पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी से एलपीजी रिफिल कराने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पेट्रोलियम कंपनियां पीएनजी उपभोक्ताओं को चिह्नित कर ब्लॉक कर रही हैं। वहीं, पीएनजी कनेक्शन के लिए चार सौ नए आवेदन हुए हैं।
एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने के बाद लोगों का रुझान पीएनजी की ओर बढ़ा है। शहर के अति सघन इलाकों को छोड़कर करीब 75 फीसदी क्षेत्र में पीएनजी लाइन बिछी है। इन क्षेत्रों के 95 फीसदी उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके पास एलपीजी कनेक्शन भी थे, जिसे सरेंडर नहीं किया। अब रसोई गैस की किल्लत से राहत के लिए पीएनजी उपभोक्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वह स्वैच्छिक रूप से एलपीजी कनेक्शन को सरेंडर कर दें। अन्यथा की स्थिति में डेटाबेस से मिलान के बाद रिफिल प्रक्रिया ब्लॉक कर दी जाएगी।
सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) के अधिकारी अभिषेक राहिल के मुताबिक, जिन क्षेत्रों में पीएनजी आपूर्ति हो रही है, वहां जिन्होंने अब तक कनेक्शन नहीं लिए थे, वे अब आवेदन कर रहे हैं। बिल बकाया की वजह से जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए थे, वह भी बकाया भुगतान कर आपूर्ति सुचारु कराने के लिए पहुंच रहे हैं।
तेजी से बिछ रही लाइन
बदायूं रोड, कैंट छावनी, सैन्य परिसर,एयरफोर्स स्टेशान समेत आसपास के इलाकों, मिनी बाइपास की तरफ भी कनेक्शन तेजी से चल रहे हैं। पीएनजी आपूर्ति का दायरा भी बढ़ा रहा है। बीते वर्ष भरतौल और नकटिया के इलाकों में भी पीएनजी लाइन बिछाई जा चुकी है। एलपीजी संकट के बीच सीयूजीएल ने 31 मार्च तक नए कनेक्शन पर छूट की घोषणा की है।
सीयूजीएल अधिकारी के मुताबिक, नए कनेक्शन सात हजार रुपये में होते हैं, पर 31 मार्च तक कनेक्शन लेने पर दो हजार रुपये की छूट है। नया कनेक्शन लेने पर पहले बिल में भी पांच सी रुपये की छूट मिलेगी। उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए किस्तों में भुगतान की भी सुविधा है।
राजेंद्रनगर में पानी की पाइप लाइन टूटी, सड़क पर जलभराव
शहर के पॉश इलाके राजेंद्रनगर में बृहस्पतिवार शाम पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई। अचानक हुए इस रिसाव के कारण हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। स्थानीय लोगों के अनुसार पानी बहने से वहां पर कीचड़ हो गया और लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि यह समस्या लगातार दूसरे दिन सामने आई है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्रीय पार्षद सतीश कातिब ने बताया कि पानी की पाइप लाइन फिर से टूट गई है। इसकी सूचना जलकल विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। नगर आयुक्त संजीव मौर्य को भी बताया गया है।