Bareilly News: माथे पर तिलक लगाकर बाइक चुराता था रामपुर का रहमान, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बरेली में पुलिस ने बाइक चोरी के आरोपी रहमान को गिरफ्तार कर लिया। रामपुर निवासी रहमान माथे पर तिलक लगाकर वारदात को अंजाम देता था। आरोपी से स्मैक भी बरामद हुई है।
विस्तार
बरेली के बारादरी थाने की पुलिस ने बाइक चोर रहमान को चोरी की बाइक और स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि रामपुर निवासी अजीजुर्रहमान उर्फ रहमान माथे पर लगाकर बाइक चोरी करता था। चोरी की बाइक से स्मैक सप्लाई कर बाइक नेपाल में बेच देता था। कोर्ट ने उसको जेल भेजा है।
इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि सोमवार रात थाना पुलिस गश्त पर थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बाइक सवार युवक को पकड़ लिया। उससे बाइक के कागज दिखाने के लिए कहा तो वह नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया यह बाइक उसने शहर के ईट पजाया चौराहे से चोरी की है। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 113 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
आरोपी ने पुलिस को अपना नाम अजीजुर्रहमान उर्फ रहमान बताया। बताया कि वह रामपुर शहर में मोरी गेट नालापार थाना कोतवाली इलाके का निवासी है। बारादरी थाने में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान किया गया, कोर्ट ने रहमान को जेल भेज दिया।
बदली पहचान से नहीं होता था किसी को शक
इंस्पेक्टर के मुताबिक रहमान माथे पर तिलक लगाकर पहचान बदल लेता था। उसने बताया कि पहले रामपुर में ही बाइक चोरी करने का धंधा किया। जब रामपुर पुलिस के रिकॉर्ड में रहमान का नाम बाइक चोर के तौर पर दर्ज हुआ तो वह आसपास के जिलों में बाइक चोरी करने लगा।
रहमान बाइक चोरी कर नेपाल ले जाकर बेच देता था। जब चोरी की बाइक बरामद नहीं होती थी तो उसे गिरफ्तारी के बाद आसानी से जमानत भी मिल जाती थी। उसने पुलिस को बताया कि नेपाल में मादक पदार्थों की मांग ज्यादा है। इसलिए रहमान स्मैक की सप्लाई भी करने लगा।
चोरी की बाइक के साथ वह स्थानीय तस्करों से स्मैक लेकर भी नेपाल में बेचने लगा। उसने बताया कि वह चोरी की बाइक और स्मैक लेकर नेपाल जाने को निकला था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। रहमान ने बताया कि माथे पर तिलक लगाने से उसकी पहचान बदल जाती थी इसलिए उस पर किसी को शक नहीं होता था।