बरेली में आंधी का कहर: छात्रा और बुजुर्ग महिला की मौत, सैकड़ों पेड़ गिरे, खंभे टूटने से बिजली आपूर्ति ठप
बरेली जिले में बुधवार को आई तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। इस दौरान अलग-अलग घटनाओं में छात्रा समेत दो की जान चली गई, जबकि चार स्कूल बसें क्षतिग्रस्त हो गईं और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली जिले में लगातार दूसरे दिन आंधी-बारिश ने कहर बरपाया। बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे तेज आंधी चली। इस दौरान भमोरा इलाके में आम का पेड़ गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई। एक अन्य घटना में बुजुर्ग महिला की जान चली गई। दो मवेशी मर गए। पेड़ गिरने से दो स्कूलों की चार बसें क्षतिग्रस्त हो गईं। जिले के कई इलाकों में खंभे गिरने से विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आंधी के दौरान तेज बारिश भी हुई।
भमोरा इलाके में आम का पेड़ गिरने से गांव हररामपुर निवासी कक्षा सात की छात्रा देवकी की मौत हो गई। नितोई गांव में आंधी से उड़ी लकड़ी की बल्ली दीवार में जा लगी, जिससे ईंटें गिरने से गोमती नामक बुजुर्ग महिला की सिर में चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। गोमती अपनी बेटी के यहां जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। सरदारनगर और नौगवां ठकुरान में पेड़ गिरने से दो मवेशी भी मारे गए।
यह भी पढ़ें- Weather: बरेली-शाहजहांपुर में लगातार दूसरे दिन आंधी-बारिश, कई पेड़ गिरे; बदायूं में युवक की मौत
भमोरा कस्बे में पेड़ गिरने से चार स्कूल बसें क्षतिग्रस्त हो गईं। जिले के कई इलाकों में बिजली के खंभे टूट गए, जिससे विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं और बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बिशारतगंज इलाके में रम्पुरा-अलीगंज मार्ग पर एक टेंपो पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया और यातायात बाधित रहा। आंवला सड़क पर एक साइन बोर्ड भी गिर गया, हालांकि इसकी चपेट में कोई नहीं आया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बोर्ड हटाकर यातायात सुचारू कराया।
मंगलवार को भी चली थी तेज आंधी
इससे पहले मंगलवार को भी बरेली में आंधी के साथ बारिश हुई थी। बीते 24 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था, जो मंगलवार को 32 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को शहर में कुल 11.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रतिघंटा रही।
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के मध्य भाग पर बने चक्रवाती और पुरवा हवाओं की पछुआ हवा के साथ प्रतिक्रिया के कारण यह स्थिति बनी। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि 14 मई से मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा।