शाहजहांपुर में एक और बड़ा हादसा: दुल्हन समेत तीन महिलाओं की मौत, पति घायल; विदा कराकर जा रहे थे घर
शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर बृहस्पतिवार को एक और बड़ा हादसा हो गया। दोपहर करीब दो बजे कार और टैंकर की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दुल्हन समेत तीन महिलाओं की मौत हो गई। दुल्हन का पति घायल हुआ है। इससे पूर्व सुबह इसी हाईवे पर कार की टक्कर से दंपती और दो बच्चों की मौत हो गई थी।
विस्तार
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में नवविवाहिता को मायके से विदा कराकर लौट रहे लोगों की कार शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर टैंकर से टकरा गई। हादसे में नवविवाहिता कल्पना समेत तीन महिलाओं की मौत हो गई। नवविवाहिता की शादी 25 अप्रैल को ही हुई थी। बृहस्पतिवार को ससुराल पक्ष के लोग उसे विदा कराकर ले जा रहे थे। हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे में नवविवाहिता का पति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
दुल्हन को विदा कराकर ले जा रहे थे लोग
पुवायां थाना क्षेत्र के गांव अगौना खुर्द निवासी रामनाथ वर्मा के पुत्र अनिल की 25 अप्रैल को खुटार के गांव पिपरिया भागवंत निवासी रामनेरश की पुत्री 22 वर्षीय कल्पना से शादी हुई थी। ससुराल से कल्पना चौथी पर मायके आ गई थी। 30 अप्रैल की दोपहर दो बजे अनिल अपने भांजे मोहम्मदी के गांव उधनापुर निवासी निर्देश, बहन मोहम्मदी के बरबर चौराहा निवासी करमदेव की पत्नी 30 वर्षीय रीना देवी, साढ़ू मोहम्मदी के गांव पुरेना के विनय कुमार की 25 वर्षीय पुत्री शेसवी के साथ पत्नी कल्पना को कार से विदा कराकर वापस घर जा रहे थे।
निर्देश चला रहे थे कार
कार निर्देश चला रहे थे। शाहजहांपुर पलिया-हाईवे पर खुटार के गांव रौतापुरकलां मोड़ के पास शाहजहांपुर से खुटार जा रहे डीजल टैंकर और कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 सेवा की एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी भिजवाया। डॉक्टर ने रीना देवी, कल्पना और शेसवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल निर्देश को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कार की टक्कर से दंपती और दो बच्चों की मौत
इस हादसे से पहले बृहस्पतिवार सुबह शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर पुवायां थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती और दो बच्चों की मौत हो गई। उनकी पहचान निगोही के मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी अरुण कुमार उर्फ कन्हैया (40 वर्ष), अरुण की पत्नी सीमा देवी (35 वर्ष), बेटी दीक्षा (आठ वर्ष) और बेटे नैतिक (छह वर्ष) के रूप में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया।
संबंधित खबर- शाहजहांपुर में भीषण हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को रौंदा, पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत
