Railway News: छपरा-जम्मूतवी, मऊ-अंबाला समेत आठ विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी, आरक्षित टिकटों की बुकिंग शुरू
रेलवे ने आठ ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी की है। ये ट्रेनें बरेली होकर गुजरेंगी। इन ट्रेनों में आरक्षित टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है।
विस्तार
रेलवे ने बरेली होकर चार जोड़ी यानी अप-डाउन आठ ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी की है। इसके साथ ही इन गाड़ियों में आरक्षित टिकटों की बुकिंग भी खुल गई है। इन गाड़ियों का संचालन छपरा-जम्मूतवी, मऊ अंबाला कैंट, गोरखपुर-दिल्ली और कटिहार-अमृतसर के बीच किया जाएगा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि 05093 छपरा-जम्मूतवी विशेष ग्रीष्मकालीन ट्रेन का संचालन छह अप्रैल से 13 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार को किया जाएगा। यह गाड़ी छपरा से दोपहर दो बजे चलने के बाद अगले दिन तड़के 5:55 बजे बरेली आएगी और रात 11 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी। 05194 जम्मूतवी-छपरा ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ी आठ अप्रैल से 15 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार को जम्मूतवी से रात 1:20 बजे चलने के बाद अगले दिन शाम पांच बजे बरेली आएगी और अगले दिन सुबह नौ बजे छपरा पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- Railway: बरेली होकर गुजरेंगी छह और ट्रेनें, टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस भी नियमित, रेलवे ने नया नंबर किया जारी
05301 मऊ-अंबाला कैंट ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ी दो अप्रैल से 16 जुलाई तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को मऊ से तड़के चार बजे चलने के बाद दोपहर तीन बजे बरेली आएगी और रात 12:30 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी। 05302 अंबाला कैंट-मऊ विशेष ग्रीष्मकालीन ट्रेन तीन अप्रैल से 17 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार को अंबाला कैंट से रात 1:40 बजे छूटने के बाद अगले दिन सुबह 10:40 बजे बरेली आएगी और रात 11 बजे मऊ पहुंचेगी।
कटिहार-अमृतसर विशेष ट्रेन
05736 कटिहार-अमृतसर ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन एक अप्रैल से 27 मई तक प्रत्येक बुधवार को कटिहार से सुबह नौ बजे चलने के बाद रात 11:04 बजे बरेली आएगी और अगले दिन सुबह 9:45 बजे अमृतसर पहुंचेगी। 05735 अमृसर-कटिहार ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ी तीन अप्रैल से 29 मई तक प्रत्येक शुक्रवार को अमृतसर से रात 1:25 बजे चलने के बाद अगले दिन सुबह 11:10 बजे बरेली आएगी और रात 11:45 बजे कटिहार पहुंचेगी।
05101 गोरखपुर-नई दिल्ली ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन सात अप्रैल से 14 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार व शनिवार को गोरखपुर से शाम चार बजे चलने के बाद रात 1:30 बजे बरेली आएगी और अगले दिन सुबह 7:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। 05102 नई दिल्ली-गोरखपुर ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन आठ अप्रैल से 15 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार व रविवार को नई दिल्ली से सुबह 9:45 बजे चलने के बाद दोपहर 2:45 बजे बरेली आएगी और रात एक बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल विशेष गाड़ी के फेरों में विस्तार
बरेली-मुंबई सेंट्रल के बीच चलने वाली विशेष साप्ताहिक गाड़ी 09075-76 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल को नियमित का दर्जा देने के बाद एक बार फिर से इस गाड़ी के फेरों को 30 अप्रैल तक विस्तार दे दिया गया है। फिलहाल 30 अप्रैल तक यह गाड़ी विशेष के रूप में ही संचालित की जाएगी। रेलवे ने पिछले सप्ताह इस गाड़ी को नियमित का दर्जा देते हुए नया नंबर 21907-08 जारी किया था।
बरेली से मुंबई के लिए अप-डाउन दो 14314-13 बरेली-लोकमान्य तिलक टर्मिनल, 22976-75 रामनगर-बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस दो जोड़ी साप्ताहिक ट्रेन ही हैं। आसपास के किसी अन्य जिले से भी मुंबई के लिए कोई गाड़ी नहीं है। इन गाड़ियों पर उत्तराखंड के अलावा मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं आदि जिलों के यात्रियों का भी दबाव रहता है।
ऐसे में इन गाड़ियों में कन्फर्म टिकट मुश्किल होता है। रेलवे ने नियमित गाड़ियों पर दबाव के बीच विशेष साप्ताहिक गाड़ी 09075-76 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल का संचालन शुरू किया था। यह गाड़ी भी फुल होकर चल रही है। पिछले सप्ताह इसे भी नियमित का दर्जा दे दिया गया, लेकिन रविवार को एक बार फिर से 30 अप्रैल तक इस गाड़ी के फेरों को विशेष ट्रेन के तौर पर ही विस्तार दे दिया गया है।