Bareilly News: सात सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने से खुला चोरियों का राज, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार
बरेली में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी अंतराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य हैं। चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
विस्तार
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में हो रहीं ताबड़तोड़ चोरियों का राज खुल गया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक के पैर में गोली लगी है। उनके पास से 5.80 लाख रुपये, दो कारें, तमंचे और चोरी के जेवर बरामद हुए हैं।
सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि दो अप्रैल को बारादरी के जगतपुर में इमरान खान के घर बड़ी चोरी हुई थी। अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाएं हो रही थीं। बारादरी पुलिस की दो टीमें, एसओजी और सर्विलांस सेल की मदद से सुराग जुटा रही थीं। टीमों ने घटनास्थल व आसपास के 700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इससे पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिल गई।
बृहस्पतिवार तड़के पुलिस टीम ने बीडीए कॉलोनी के पास आरोपियों की घेराबंदी की। यहां कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पता लगा कि घायल आरोपी गौतम बुद्धनगर निवासी आकाश उर्फ शुभम और दूसरा शाहजहांपुर का निवासी अंकित मिश्रा उर्फ सोनू है।
रुद्रपुर में करते थे मजदूरी, बड़े सपनों ने बनाया अपराधी
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों पहले रुद्रपुर में बेलदारी करते थे। वहां कम आमदनी से उनके खर्चे पूरे नहीं हो पा रहे थे। उन्होंने जल्दी ही बड़ा आदमी बनने का सपना पाल लिया था। इसी के चलते अपराध की राह पकड़ ली। उनके गिरोह में कुछ और भी सदस्य हैं। वह किसी शहर के होटल में ठहरकर पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर लोहे की रॉड से ताले तोड़कर चोरी को अंजाम देते थे। घटना के बाद वे नोएडा भाग जाते और गाड़ियां बदल लेते थे।
कैमरों से बचने के लिए जलाई थीं लाइटें
दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बारादरी की घटना में उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये और जेवर चुराए थे। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए चोरी के दौरान आरोपी कार की हेडलाइट जलाए रखते थे, ताकि नंबर प्लेट साफ न दिखे। पुलिस ने इनके पास से 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस, काफी जेवर, गैस सिलिंडर, 73 पैकेट सिगरेट, दो लोहे की रॉड और नकदी बरामद की है।
आकाश है बड़ा अपराधी
सीओ ने बताया कि मुख्य आरोपी आकाश पर गौतम बुद्ध नगर, बरेली और सूरजपुर में हत्या की कोशिश, चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत 11 गंभीर धाराओं के मुकदमे दर्ज हैं। अंकित मिश्रा पर भी बरेली और हल्द्वानी में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

कमेंट
कमेंट X