Bareilly News: पुलिसकर्मियों की शराब पार्टी का सवा साल पुराना वीडियो वायरल, हेड कांस्टेबल निलंबित
बरेली में कुछ लोगों के साथ शराब पार्टी करते पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल हुआ है। ये वीडियो सवा साल पुराना बताया गया है। अब ये वायरल हो रहा है। इसके बाद एसएसपी ने हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में डीजीपी के कार्यक्रम से पहले सीबीगंज थाना क्षेत्र की एक फैक्टरी की कैंटीन में पुलिस कर्मियों की शराब पार्टी का सवा साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जांच के बाद एसएसपी ने पार्टी में शामिल हेड कांस्टेबल पन्नूलाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वीडियो में दिख रहे होमगार्ड फूलचंद्र पर कार्रवाई के लिए होमगार्ड कमांडेंट को पत्र भेजा गया है।
शराब पार्टी के दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक में कुछ पुलिसकर्मी हॉल में शराब पार्टी करते दिख रहे हैं। चर्चा थी कि फतेहगंज पश्चिमी निवासी युवक की जन्मदिन पार्टी में यह लोग जुटे थे। एक वीडियो में खाने-पीने का दौर चल रहा है। दूसरे वीडियो में कई युवक नशे की हालत में गाते और डांस करते दिखाई दे रहे हैं।
मार्च 2025 के हैं वीडियो
जांच में सामने आया कि ये वीडियो मार्च 2025 के हैं जो सीबीगंज के अंतर्गत एक फैक्टरी की कैंटीन में बने बेसमेंट के हैं। तब यूपी 112 में तैनात हेड कांस्टेबल और होमगार्ड एक युवक की जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए थे। किसी ने 26 जुलाई को इन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इसके बाद यह वायरल हो गए। मंगलवार को जो वीडियो वायरल हुए उनमें पुलिस कर्मी भी अन्य लोगों के साथ शराब पार्टी करते नजर आ रहे हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि वीडियो पुराने हैं लेकिन वर्दी में निजी पार्टी में शामिल होना कदाचार की श्रेणी में आता है। हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया है। होमगार्ड पर कार्रवाई की संस्तुति कर जिला कमांडेंट को लिखा गया है।