बस्ती। चार दिन पूर्व हुई आंधी-बारिश के बाद रविवार को बारिश ने लोगों की आफत बढ़ा दी। सुबह से ही बारिश का सिलसिला रूक-रूक कर 11 बजे तक चला। उसके बाद धूप निकली। इस दौरान मौसम में नरमी रही। जिससे लोगों को गर्मी का एहसास नहीं हुआ। रविवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सैल्सियस रहा। बारिश के चलते शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति रही।
रविवार की भोर से ही आसमान में बादल छाए रहे। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश के चलते जगह-जगह सड़क की पटरियों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं नीट आदि की परीक्षा देने आए युवाओं को परेशानी उठानी पड़ी। करीब एक बजे धूप निकली तो लोगों को राहत मिली। इस दौरान शहर के मालवीय रोड, कैली रोड, मुरलीजोत, स्टेशन रोड, गांधीनगर धर्मशाला रोड, कोतवाली रोड, गांवगोड़िया, आवास विकास उत्तरी, बैरियहवां आदि जगहों पर सड़क की पटरियों पर जलभराव हो गया। जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। दोपहर बाद लोग घरों से बाहर निकले जिससे बाजारों में चहल पहल रही। सबसे ज्यादा समस्या ग्रामीण क्षेत्रों में रही। वहां पर जलभराव से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। यही नहीं बिजली कटने से सुबह के समय लोगों के घरों के मोटर नहीं चल पाए जिससे टंकी में पानी भरने को लेकर परेशान होना पड़ा। मुंडेरवा, बभनान, हरैया, टिनिच, महादेवा, नगर बाजार, कलवारी आदि क्षेत्रों में भी बारिश से लोगों को राहत मिली है। वहीं यह बारिश किसानों की खेती आदि के लिए अनुकूल मानी जा रही है। कुमारगंज अयोध्या के मौसम वैज्ञाानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बारिश की वजह से मौसम में नरमी है। अभी यह दो से तीन दिन इसी तरह से बना रहेगा।