यूपी: दीपावली से 15 दिन पहले 2653 किलो अवैध पटाखा बरामद, लाइसेंस से अधिक रखा था माल; पिता-पुत्र गिरफ्तार
भदोही में लाइसेंस की निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक पटाखों का भंडारण करने के मामले में स्वाट और सर्विलांस टीम ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास 4.50 क्विंटल पटाखे रखने का लाइसेंस था, जबकि मौके पर 26.53 क्विंटल पटाखे मिले। पुलिस अवैध भंडारण के मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
विस्तार
दीपावली से पहले अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ सर्विलांस और पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार की रात में टीम ने गोपीगंज और सोनखरी में दो स्थानों पर छापेमारी कर 26.53 क्विंटल अवैध पटाखा बरामद किया। भंडारण करने में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने शनिवार को कोतवाली में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि अवैध पटाखा भंडारण को लेकर पुलिस अलर्ट है। पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में शुक्रवार की रात पुलिस टीम ने सोनखरी स्थित आरबी ट्रेडर्स और छोटी चौराहा स्थित 'बरनवाल बुक डिपो' पर छापेमारी कर कुल 2653 किलो अवैध बारूद युक्त पटाखा बरामद किया।
पुलिस ने की कार्रवाई
इस दौरान अंकुर बरनवाल, कृष्ण मुरारी बरनवाल निवासी छोटी चौराहे को गिरफ्तार किया गया। एएसपी ने बताया कि सोनखरी से 2049 किलो और बुक डिपो से 603 किलो समेत कुल 2653 किलो अवैध पटाखा बरामद किया गया। पटाखों में बुलेट बम, मिना बम, हाइड्रो बम, चटाई, कृष्णा छाप जवान फुलझड़ी, मोरी छाप लगेन राकेट, चंद्रमा बैग, मिसाइल आदि शामिल रहे।
पूछताछ में आरोपी अंकुर ने बताया कि उसके पास सोनखरी में आरबी ट्रेडर्स के नाम से केवल 450 किलो पटाखा भंडारण व बिक्री करने का लाइसेंस है, लेकिन धनतेरस और दीपावली त्योहार पर अधिक मुनाफा कमाने के लालच में उसने निर्धारित मात्रा से अधिक अवैध पटाखों का भंडारण कर रखा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह इन पटाखों को सोनखरी से लाकर छोटी चौराहा कस्बा स्थित अपने पिता कृष्ण मुरारी बरनवाल की बुक डिपो की दुकान पर भी बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से बेचने के लिए उपलब्ध कराता था।