{"_id":"69de51100de3c2350d05d170","slug":"bhadohi-ground-report-on-industry-employment-and-university-including-development-works-2026-04-14","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Bhadohi Ground Report: कालीन उद्योग से विश्वविद्यालय तक पड़ताल, स्थानीय लोगों से जानिए भदोही की असली तस्वीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bhadohi Ground Report: कालीन उद्योग से विश्वविद्यालय तक पड़ताल, स्थानीय लोगों से जानिए भदोही की असली तस्वीर
अमर उजाला नेटवर्क, भदोही
Published by: Rahul Kumar Tiwari
Updated Fri, 17 Apr 2026 05:20 PM IST
विज्ञापन
सार
Bhadohi Ground Report: अमर उजाला की टीम ने भदोही जिले की ग्राम पंचायत महजूदा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जमीनी पड़ताल की। कालीन उद्योग, विश्वविद्यालय और सड़क-बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं पर लोगों से बातचीत कर उनकी राय समझी।
Bhadohi Ground Report
- फोटो : अमर उजाला GFX
विज्ञापन
विस्तार
Bhadohi Ground Report: यूपी कितना सक्षम है, इसे समझने के लिए अमर उजाला की टीम भदोही जिले पहुंची। यहां ग्राम पंचायत महजूदा से लेकर कालीन उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों की जमीनी हकीकत परखने की कोशिश की गई। ग्राम प्रधान, कालीन व्यापारी, छात्र और आम नागरिकों ने विभिन्न मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। बेहतर सड़क-बिजली, लाइब्रेरी-वाईफाई जैसी सुविधाओं और महाविद्यालय के विश्वविद्यालय बनने से उनके जीवन में आए बदलावों को समझने का प्रयास किया गया। इस ग्राउंड रिपोर्ट में भदोही जिले की एक अलग तस्वीर सामने आई।
Trending Videos
ग्राम पंचायत महजूदा में ग्राउंड पड़ताल
भदोही जिले के ग्राम पंचायत महजूदा में अमर उजाला की टीम ने जमीनी हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर बदलाव की तस्वीर समझी। गांव में हाल के वर्षों में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है, जिससे स्थानीय लोगों में संतोष दिखाई दे रहा है। ग्राम प्रधान राजमणि पांडेय ने बताया कि सरकार की ओर से विकास कार्यों के लिए समय पर फंड मिल रहा है, जिससे योजनाएं धरातल पर तेजी से लागू हो रही हैं। गांव में बच्चों के लिए लाइब्रेरी और वाईफाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे शिक्षा के स्तर में सुधार देखने को मिल रहा है। साथ ही, सरकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक नियमित रूप से पहुंचाई जा रही है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें। ग्रामीण दीपक कुमार सिंह का कहना है कि इन सुविधाओं का सीधा फायदा गांव के बच्चों को मिल रहा है। बच्चे अब गांव में ही कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी हासिल कर रहे हैं, जिससे उनके भविष्य के लिए नए अवसर खुल रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
कालीन उद्योग से कारोबार हुआ दोगुना
भदोही के कालीन उद्योग को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने बीते वर्षों में आए बदलावों को सकारात्मक बताया। कालीन व्यापारी इम्तियाज अहमद ने कहा कि पिछले दस वर्षों में काम लगभग दोगुना हो गया है, जिससे कारोबार को नई गति मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मुख्यमंत्री से चार बार मुलाकात हो चुकी है और उनके विजन को देखकर लगता है कि वह उद्योग और प्रदेश के विकास को लेकर गंभीर हैं। वहीं, कालीन व्यापारी पीयूष बरनवाल का कहना है कि भदोही में टेक्सटाइल की बात होती है तो सबसे पहले कालीन उद्योग का ही जिक्र आता है। यह होम डेकोरेशन का अहम हिस्सा बन चुका है और समय के साथ इसमें कई बदलाव भी देखने को मिले हैं, जिससे उद्योग को मजबूती मिली है।
विश्वविद्यालय से बढ़ी उम्मीदें
भदोही में एक महाविद्यालय को विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने के बाद जिले में खुशी का माहौल है। अमर उजाला की टीम ने छात्रों, स्थानीय निवासियों और शिक्षकों से बातचीत कर इस बदलाव के प्रभाव को समझा। लोगों का मानना है कि इससे शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा सुधार आएगा और जिले के युवाओं को नई दिशा मिलेगी। स्थानीय निवासी आनंद पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय बनने से यहां के छात्रों और आम लोगों को काफी फायदा मिलेगा। वहीं शिवम शुक्ला ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से कभी विश्वविद्यालय नहीं देखा, लेकिन अब आने वाली पीढ़ी यहीं रहकर उच्च शिक्षा हासिल कर सकेगी। साथ ही, कम खर्च में आधुनिक शिक्षा मिलना भी बड़ी राहत है। प्रोफेसर डॉ. सिरीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह सुविधा खासतौर पर उन गरीब परिवारों के लिए बेहद अहम है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से दूर जाकर पढ़ाई नहीं कर पाते थे। विश्वविद्यालय बनने से अब उन्हें अपने ही जिले में बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।
सड़क और बिजली से बदली तस्वीर
भदोही जिले में बुनियादी सुविधाओं में हुए सुधार को लेकर स्थानीय लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। एक निवासी ने बताया कि सड़क और बिजली व्यवस्था पहले के मुकाबले काफी बेहतर हो गई है। जहां पहले सिंगल सड़क हुआ करती थी, अब जिले में फोर लेन सड़कों का निर्माण हुआ है, जिससे आवाजाही आसान हो गई है और कारोबार को भी फायदा मिल रहा है। उनका कहना है कि बेहतर सड़कों की वजह से ग्राहक भी आसानी से पहुंच रहे हैं। वहीं, एक अन्य स्थानीय निवासी ने बताया कि पहले की तुलना में जिले में काफी सुधार हुआ है। पहले जहां गुंडागर्दी का माहौल रहता था, अब लोग खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस करते हैं। भदोही का बाजार भी काफी बड़ा हो चुका है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं और लोगों की आजीविका पर सकारात्मक असर पड़ा है।
