भदोही। साल 2023 में अमृत भारत स्टेशन के रूप में चयनित वाराणसी-जंघई रेलखंड पर स्थित भदोही रेलवे स्टेशन तय समय सीमा से दो माह बीतने के बाद भी अब तक केवल ढांचा खड़ा किया जा सका है। अब तक न तो प्लास्टर का काम पूरा हो सका है न ही प्लेटफाॅर्मों को दुरुस्त किया जा सका है। करीब 22 करोड़ रुपये से स्टेशन का कायाकल्प किया जाना था। परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छह अगस्त 2023 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया था। इस परियोजना का बीते अप्रैल माह के अंत तक ही पूरा हो जाना चाहिए था।
अमृत भारत योजना में प्लेटफार्म नंबर एक व दो पर मुख्य भवन का निर्माण के अलावा दोनों ही प्लेटफार्मों पर पत्थर बिछाने का कार्य अधूरा है। दोनों ओर बन रहे मुख्य भवन के सुंदरीकरण का कार्य तो तब शुरू होगा, जब प्लास्टर का काम पूरा हो जाए। देखने में ऐसा नहीं लगता कि इस वर्ष के अंत तक प्रोजेक्ट पूरा हो सकेगा। दूसरी ओर जब से भदोही रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य शुरू हुआ है, तब से यात्री सुविधाएं तार-तार हो चुकी हैं। इसके चलते डिजिटल कोच संकेतक, ट्रेनों के आवागमन के डिजिटल संकेतक समेत रेलवे प्लेटफार्मों के आधे-अधूरे कार्यों, भोजनालय, विश्रामालय के अभाव, सामान्य और आरक्षण टिकट खिड़की, पेयजल, शौचालय की अस्त-व्यस्त व्यवस्था से स्टेशन पर यात्री सुविधाएं अस्त-व्यस्त हो गई हैं। अधूरे प्लेटफार्म से दुर्घटना की आशंका: रेलवे स्टेशन पर केवल दो प्लेटफार्म हैं। दोनों प्लेटफार्म पर काफी हद तक पत्थर बिछाए जा चुके हैं, जबकि कुछ बिछाए जाने हैं। इसके चलते प्लेटफार्म पर ट्रेन पकड़ने का आपाधापी में इधर-उधर दौड़ते रेल यात्रियों के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने का भय हर समय रहता है।