ज्ञानपुर। जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ. सपना अवस्थी की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में सचिवों की बैठक हुई। इसमें गांव में बने रिसोर्स रिकवरी सेंटर के संचालन, निर्माणाधीन की प्रगति और व्यक्तिगत शौचालय की प्रगति रिपोर्ट एक सप्ताह में देने का निर्देश दिया। कहा कि अधूरे कार्य को समय से कराएं अन्यथा कार्रवाई तय की जाएगी। डीपीआरओ ने कहा कि गांव का विकास शासन की प्राथमिकता में शामिल है। राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त एवं स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से गांव में बजट दिया जाता है। पैसा मिलने के बाद भी कई गांव में रिसोर्स रिकवरी सेंटर अभी तक पूर्ण नहीं हो सके हैं। सचिवों से कहा कि वह प्रशासकों के साथ बैठक कर व्यक्तिगत शौचालय, रिसोर्स रिकवरी सेंटर को पूर्ण कराएं।
जिन पात्रों को अभी तक व्यक्तिगत शौचालय नहीं मिला है उनसे आवेदन कराकर पैसा जारी करें। परियोजना निदेशक आदित्य कुमार ने भी सभी सचिवों से प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास की जानकारी ली। इस मौके पर डीसी स्वच्छता सरोज पांडेय आदि रहे।