ज्ञानपुर। जिले में इन दिनों बारिश की बेरुखी और मौसम की तल्खी बनी हुई है। सावन का महीना होने के बाद भी तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा उमस ने लोगों का हाल बेहाल किया है। बारिश न होने दोपहर में तेज धूप और उमस की दोहरी मार देखने को मिल रही है। मौसम विभाग की ओर से आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल लोगों ने उमस और गर्मी दोनों ने परेशान किया है।
जिले में मौसम लगातार उतार-चढ़ाव वाला बना हुआ है। कभी अच्छी तो कभी बूंदाबांदी वाली बारिश हो रही है तो कभी तेज धूप का असर देखने को मिल रहा है। इस बीच उमस की स्थिति लगातार बनी हुई है। कभी बारिश तो कभी धूप और इस बीच उमस भरी गर्मी लोगों को बीमार भी बना रही है। जिले में तीन दिनों से बारिश नहीं हो सकी है। सोमवार की रात हल्की बारिश जरूर हुई थी, लेकिन सुबह होते ही मौसम खुल गया। दिनभर धूप और छांव का असर बना रहा। वहीं हाल मंगलवार को भी बना रहा। अब बुधवार को भी धूप और छांव के बीच उमस के कारण लोग परेशान रहे। दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोग बचते नजर आए। दिन चढ़ने के साथ धूप का असर कम जरूर हुआ है, लेकिन गर्मी बरकरार रही। शाम सात से आठ बजे तक लगातार उमस से लोग परेशान रहे। स्थिति यह रही कि पंखे के नीचे भी लोगों को बहुत राहत मिलती नहीं दिखी। कृषि विज्ञान केन्द्र के बेजवां के प्रभारी डॉ. अजीत चतुर्वेदी ने बताया कि बारिश न होने का कारण पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय न होना है। इसके अलावा हवाओं की दिशा में बदलाव से भी बारिश प्रभावित हो रही है। बताया कि बुधवार का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। आगामी दिनों में बारिश हो सकती है, लेकिन अच्छी बारिश की संभावना कम बन रही है।