जंगीगंज। ज्ञानपुर तहसील के किशुनदेवपुर-बिहसपुर गांव में रविवार को ग्रामीणों ने अवैध प्लाटिंग के विरोध पर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया। गांव में बैठक आयोजित कर ग्रामीणों ने भूमि पर फर्जी अभिलेखों के आधार पर बैनामा और सट्टा कर अवैध प्लाटिंग किए जाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिहसपुर में जिस जमीन पर 151 वर्षों से ऐतिहासिक रामलीला का आयोजन होता आ रहा है। वह भूमि सार्वजनिक उपयोग की है। उसमें कई खातेदार हैं। आरोप है कि कुछ लोग फर्जी अभिलेख तैयार कर अपने वैध हिस्से से अधिक भूमि पर कब्ज़ा कर उसे बेचने के फिराक में हैं। यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक ने अन्य खातेदारों को सूचना दिए बिना भूमि की पैमाइश कराई और पूरी प्रक्रिया में राजस्व नियमों की अनदेखी की गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान राजीव खरे, वकील बिन्द, रविन्द्र मौर्य, राजकुमार यादव, सत्यनारायण मौर्य, लवकुश पाल, राममूरत यादव, रामकुमार पाल, कोतवाल सिंह, श्यामलाल यादव, भारत मौर्य, कैलाश मौर्य, हंसराज मौर्य, तुलसीराम यादव, अनिल मौर्य, अभयराज यादव, सज्जन पाल आदि रहे।