ज्ञानपुर। खाद्य एवं औषधीय प्रशासन विभाग की मंडलीय टीम ने बृहस्पतिवार को गोपपुर स्थित आरओ प्लांट की जांच की। संचालक को नोटिस देकर सभी कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। पानी का एक सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया। इस दौरान गोपीगंज में एक मशाला कंपनी की भी जांच की गई।
शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को मंडलीय टीम जिले में पहुंची। टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी भदोही डॉ. मानवेंद्र सिंह, देवराज सिंह, सोनभद्र के कीर्ति आनंद, बालेंद्र शेखर, मंगलमूर्ति की टीम ने गोपपुर स्थित एक वाटर प्लांट पर जांच किए। जांच के दौरान एक नमूना संग्रहित कर लखनऊ लैब भेजने के साथ ही संचालक को नोटिस जारी की गई। चेतावनी दी गई कि वाटर आरओ प्लांट में किसी स्तर से मानक की अनदेखी की शिकायत मिली तो जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य विवेक मालवीय ने बताया कि विशेष अभियान के तहत गठित टीम ने वाटर आरो प्लांटों पर जांच की। दूसरे प्लांट की भी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि गोपीगंज में मशाला कंपनी पर जांच की गई, लेकिन वहां सबकुछ ठीक मिला।