UP Crime: ओडिशा से गांजा लाकर यूपी में बेचते थे तस्कर, 121 किलो गांजे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
Bhadohi News: ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास से दो गांजा तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तस्कर कार में गांजा रखकर व्यापारियों का इंतजार कर रहे थे।
विस्तार
भदोही जिले की गोपीगंज कोतवाली पुलिस ने सोमवार को दो गांजा तस्करों को ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। तस्कर लक्जरी कार में करीब तीन बोरी गांजा भरकर बेचने की ताक में थे। उनके पास से करीब 121 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया। तस्करों में एक जौनपुर और एक भदोही का रहने वाला था। ये वाराणसी के किसी व्यक्ति को भारी मात्रा में गांजा बेचने की फिराक में थे।
क्या है पूरा मामला
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ की बिक्री को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि जिले में कुछ तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर जिले से तस्करी करते हैं। मुखबिर से पता चला कि ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के रोड से दो गांजा तस्कर बड़ी मात्रा में गांजा किसी व्यापारी को बेचने की फिराक में खड़े हैं।
इसे भी पढ़ें; युद्ध से संकट: इलाज का खर्च भी होगा महंगा, 20% तक बढ़ सकते हैं सिरिंज और सर्जिकल उत्पादों के दाम
सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। देखा कि टाटा कंपनी के पंच कार के साथ कुछ लोग खड़े हैं, जो पुलिस को देखते ही भागने की फिराक में जुट गए। पुलिस ने तत्काल दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम समरजीत यादव निवासी महबूबपुर, भदोही और प्रदीप सरोज निवासी राईपुर, सुरेरी, जौनपुर बताया। पुलिस ने उनके पास से करीब 121 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया। वही कार के साथ दो मोबाइल भी बरामद किए।
बनारस से आ रहे तीन लोगों का कर रहे थे इंतजार
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे ओडिशा से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर ऊंचे दामों में अलग-अलग लोगों को बेच देते हैं। बताया कि वे वहां खड़े होकर वाराणसी की पार्टी शुभम पाण्ड़ेय, अजीत सिंह, शिवम गौतम को गांजा बेचने के लिए इंतजार कर रहे थे। गांजा बेचने के बाद जो पैसा मिलता है। उसको आपस में बांट लेते हैं। एएसपी ने बताया कि बरामद गांजे की कीमत करीब 10 लाख के आसपास है।
अधिकारी बोले
दोनों गांजा तस्करों पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -शुभम अग्रवाल, एएसपी