Accident In Bijnor: देहरादून जा रही बस डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, 30 घायल, आठ की हालत गंभीर
बिजनौर के रोशनपुर प्रताप में देहरादून जा रही एक निजी बस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई जबकि 30 लोग घायल हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजनौर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। काशीपुर-हरिद्वार राजमार्ग पर रोशनपुर प्रताप गांव के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 30 यात्री घायल हो गए। इनमें आठ लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।
तड़के तीन बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार लखीमपुर खीरी से देहरादून जा रही निजी बस में लगभग 65 यात्री सवार थे। सभी यात्री रोजगार के सिलसिले में देहरादून जा रहे थे। तड़के करीब तीन बजे बस रोशनपुर प्रताप गांव के पास पहुंची तो अचानक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
यह भी पढ़ें: UP: देवबंद से जुड़े मोहाली बम साजिश के तार, ग्राम प्रधान का भाई गिरफ्तार, पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच
घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने राकेश पुत्र शंभू (30 वर्ष), निवासी टेहारा, थाना धौरहरा, जनपद लखीमपुर खीरी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में करीब 30 लोग घायल हुए हैं। इनमें कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
आठ घायलों को किया गया रेफर
गंभीर रूप से घायल अमन, राम दुलारे, अंशिका, गोलू, बबलू, रोशनी, पूजा और राजाराम की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है। अन्य 21 घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना में जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही घायलों को उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा रही है।
काम पर जा रहे थे सभी यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में सवार अधिकांश लोग रोजगार के लिए देहरादून जा रहे थे। हादसे के बाद यात्रियों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।