Bijnor: शादी से रसगुल्ले लाए, पांच दिन बाद परिवार और पड़ोसियों को खिलाए, खाते ही फूड पॉइजनिंग, मासूम की मौत
बिजनौर के नांगल सोती क्षेत्र के गांव जीतपुर खास में विवाह समारोह से लाए गए रसगुल्ले खाने के बाद सात लोग बीमार पड़ गए। उपचार के दौरान दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि छह अन्य का इलाज कराया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजनौर जनपद में नांगल सोती थाना क्षेत्र के गांव जीतपुर खास में विवाह समारोह से लाए गए रसगुल्ले कई परिवारों के लिए दुखद साबित हुए। रसगुल्ले खाने के बाद दो सगे भाइयों समेत सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। उपचार के दौरान दो वर्षीय मासूम देव कुमार की मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोगों का इलाज कराया गया।
पांच दिन पहले शादी से लाए गए थे रसगुल्ले
जानकारी के अनुसार गांव निवासी 65 वर्षीय सुधा देवी करीब पांच दिन पहले एक विवाह समारोह से रसगुल्ले लेकर आई थीं। परिवार के सदस्यों के साथ-साथ पड़ोसी परिवार ने भी रसगुल्ले खाए। कुछ समय बाद सभी लोगों की तबीयत खराब होने लगी और उन्हें पेट दर्द, उल्टी तथा दस्त की शिकायत हुई।
यह भी पढ़ें: कपसाड़ कांड: मेडिकल रिपोर्ट ने बदला पासा, कोर्ट ने पारस को माना बालिग, फिर जाएगा जेल, पढ़ें-क्या था पूरी घटना
सात लोग हुए बीमार, मासूम ने तोड़ा दम
फूड पॉइजनिंग की चपेट में आने वालों में राजीव का दो वर्षीय पुत्र देव कुमार, कार्तिक (6 वर्ष), सोनू का पुत्र रितिक (4 वर्ष), पुत्री पल्लवी (4 वर्ष), पड़ोसी संदीप, उनकी पत्नी नीतू और पुत्र वंश (12 वर्ष) शामिल हैं। सभी को गांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान देव कुमार की मौत हो गई। पल्लवी का अभी भी निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि अन्य लोगों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
पुलिस ने पहुंचकर जुटाई जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी आकांक्षा गौतम और थाना प्रभारी राम प्रताप मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग को नहीं मिली थी सूचना
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नजीबाबाद के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अंकित चौधरी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए और योग्य चिकित्सक की निगरानी में उपचार कराना चाहिए।