स्योहारा। थाना क्षेत्र के ग्राम जमापुर निवासी अनिल (30) पुत्र राजाराम की बाइक बुधवार दोपहर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल अनिल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उसके बाद हायर सेंटर ले जाया गया। मुरादाबाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अनिल हरिद्वार में रहकर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह मंगलवार को ही हरिद्वार से अपने गांव लौटे थे। बुधवार दोपहर वह दवा लेने के लिए ठाकुरद्वारा मार्ग स्थित नल तिराहे की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में अनिल के सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अनिल की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और छह, तीन और एक वर्ष आयु के तीन पुत्र हैं। अनिल की मौत से तीनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि अनिल मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में गहरा दुख व्याप्त है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।