Bijnor: 18 बीघा जमीन पर कब्जे का आरोप, रिटायर्ड फौजी परिवार के साथ दूसरी बार एसडीएम कार्यालय पर धरने पर बैठा
बिजनौर के अफजलगढ़ क्षेत्र के रहने वाले रिटायर्ड फौजी राम सिंह ने गांव के प्रधान पर उनकी 18 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए परिवार समेत दूसरी बार धामपुर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना शुरू किया है। दूसरी ओर एसडीएम का कहना है कि शिकायतकर्ता अब तक जमीन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके हैं। दस्तावेज मिलने पर नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजनौर जनपद में अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मकसूदाबाद निवासी रिटायर्ड फौजी राम सिंह अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ धामपुर उप जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर दूसरी बार धरने पर बैठ गए। उन्होंने गांव के प्रधान पर उनकी 18 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक उनकी सुनवाई नहीं हुई।
प्रधान पर लगाया 18 बीघा जमीन पर कब्जे का आरोप
राम सिंह का कहना है कि उनकी बुआ ने वसीयत के माध्यम से 18 बीघा जमीन उनके नाम की थी, लेकिन गांव के प्रधान हर गोविंद सिंह ने उस पर अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत और अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई की मांग की, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: UP Encounter: एक लाख का इनामी ढेर, कोड वर्ड में रंगदारी मांगता था फुरकान, कार्बाइन को लेकर हुआ बड़ा खुलासा
चार दिन पहले भी दिया था धरना
रिटायर्ड फौजी ने बताया कि चार दिन पहले भी वह एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे थे। समाधान नहीं होने पर अब दोबारा परिवार सहित धरना शुरू किया है। उनके साथ पत्नी राखी, दो वर्षीय पुत्र सुरजीत समेत अन्य बच्चे सोनिया, प्रेरणा और युवराज भी धरने पर मौजूद हैं।
गांव जाने से डरने का लगाया आरोप
परिवार का आरोप है कि प्रधान के डर से वे अपने गांव नहीं जा पा रहे हैं। उनका कहना है कि वे फिलहाल पास के गांव सुआवाला स्थित मंदिर में रात गुजार रहे हैं। वहां के ग्रामीण उनका सहयोग कर रहे हैं, लेकिन प्रधान के भय के कारण उनके गांव के लोग खुलकर साथ नहीं आ पा रहे हैं।
एसडीएम बोले- दस्तावेज दें, होगी जांच
उप जिलाधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि धरना दे रहे राम सिंह और उनके परिवार ने अब तक जमीन से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए हैं। उन्हें कई बार अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। यदि शिकायतकर्ता आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन देंगे तो मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।