बदायूं। बिसौली क्षेत्र में सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता जयंत मिश्रा ने अटल बिहारी वाजपेयी नलकूप 158 का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पौधारोपण भी किया। बाद में किसानों के साथ गोष्ठी की।
विकासखंड के ग्राम विसुनिया खेड़ा में अटल बिहारी वाजपेयी नलकूप 158 है। लखनऊ से आए मुख्य अभियंता जयंत मिश्रा, बरेली से आए अधीक्षण अभियंता अश्वनी कुमार सिंह और अधिशासी अभियंता पंकज सिसौदिया ने इस नलकूप को देखा और उसके रखरखाव की प्रशंसा की। यह नलकूप लगभग 54 साल पहले बना था। तीनों अधिकारियों ने नलकूप के आसपास के वातावरण को हरा भरा रखने के लिए पौधारोपण भी किया।
इसके बाद किसान गोष्ठी में अधिकारियों ने किसानों से सीधी बात की। ग्राम सर्वा के प्रधान अखिलेश यादव ने भी अधिकारियों को निशुल्क पानी मिलने की बात बताई। अन्य किसानों ने बताया कि इसके अलावा दो अन्य नलकूप हैं, सिंचाई निशुल्क होती है। मुख्य अभियंता जयंत मिश्र ने सरकार की किसान हितैषी नीतियों के बारे में बताया। बताया कि सरकार किसान की हर समस्या को लेकर गंभीर है और उसके निस्तारण के लिए सतत प्रयास करती है। सिचाई संघ के अध्यक्ष सर्वेन्द्र सिंह ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर एसडीओ आशीष शर्मा, जीतेंद्र कुमार, सिचाई संघ के अध्यक्ष सर्वेंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष मुनीश सक्सेना, नेत्रपाल सिंह, जय पाल सिंह, जयवीर सिंह, राजवीर सिंह, मनोज गुप्ता, हिमाँशु भट्ट, सतीश पाल सिंह आदि सिंचाई विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।