UP News: गंगा एक्सप्रेसवे किनारे लगेंगे कारखाने, युवाओं को मिलेगा रोजगार; बदायूं में भूखंडों का आवंटन शुरू
गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे छह जिलों में औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना के लिए भूखंडों का आवंटन शुरू हो गया है। बदायूं में 15 उद्यमियों ने भूमि आवंटन में रुचि दिखाई है। यह पहल औद्योगिक विकास को गति देगी और युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गंगा एक्सप्रेसवे किनारे छह जिलों में औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना के लिए उद्घाटन से पहले कार्य ने तेजी पकड़ ली है। बदायूं जिले में गंगा एक्सप्रेसवे किनारे 5200 रुपये वर्ग मीटर की दर से भूमि आवंटित की जानी है। बदायूं में करीब 50 से अधिक कारखाने लगाने की तैयारी है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक अब तक 15 उद्यमियों ने रुचि दिखाते हुए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में भाग लेना शुरू किया है। उम्मीद है कि देश की कई बड़ी कंपनियां भी शामिल होंगी।
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने मेरठ, उन्नाव, बदायूं, संभल, हरदोई और शाहजहांपुर में औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूखंडों का आवंटन शुरू कर दिया है। यह पहल क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। उस दिन निवेशकों के नामों की भी घोषणा हो सकती है। इसके लिए बदायूं में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। कुछ समय पहले तक सात निवेशकों के ही आवेदन हुए थे, उद्घाटन की तारीख की घोषणा होने के बाद तेजी से प्रयास किए गए। इसी का नतीजा है कि आवेदक उद्यमियों की संख्या 15 पहुंच गई है।
12 जिलों को जोड़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे
36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों को जोड़ेगा, जिससे कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार होगा। इन औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाले निवेश से दस लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। यूपीडा द्वारा स्थापित किए जा रहे इन औद्योगिक क्षेत्रों में सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्राधिकरण ने निवेशकों से निवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।
यूपीडा का लक्ष्य है कि उद्घाटन से पहले अधिक से अधिक भूखंडों का आवंटन कर दिया जाए। मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, संभल, बदायूं, उन्नाव, अमरोहा, शाहजहांपुर, हरदोई, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज सहित कुल बारह जिलों में औद्योगिक, वाणिज्यिक और लॉजिस्टिक केंद्र (आईएमएलसी) स्थापित किए जा रहे हैं।
पहले चरण में छह जिलों में भूखंडों का आवंदन
फिलहाल, पहले चरण में छह जिलों में भूखंडों के आवंटन पर जोर दिया जा रहा है। इन छह जिलों में मेरठ, उन्नाव, बदायूं, संभल, हरदोई और शाहजहांपुर शामिल हैं। मेरठ में भूखंड की दर सबसे अधिक निर्धारित की गई है, जबकि हरदोई में यह दर सबसे कम है। यह कदम क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है। इन औद्योगिक क्षेत्रों से राज्य के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
बदायूं में 5200 रुपये वर्ग मीटर दर से आवंटित की जा रही भूमि
विभागीय जानकारों ने बताया कि बदायूं जिले में औद्योगिक भूखंडों के लिए आवंटित की जाने वाली भूमि की दर 5200 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। इसके साथ ही मेरठ में सबसे ज्यादा 11147 रुपये प्रति वर्ग मीटर, उन्नाव में 5250, संभल में 5000, हरदोई 3800 व शाहजहांपुर में 4400 रुपये प्रति वर्ग किलोमीटर की दर रखी गई है। बदायूं में सबसे पहले बरेली मार्ग पर घटपुरी के पास यह काम होगा। इसके बाद पापड़ दातागंज के पास औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकेगा।
बदायूं में 269 एकड़ भूमि अधिग्रहण हुई
यूपीडा ने औद्योगिक, वाणिज्यिक और लॉजिस्टिक केंद्रों (आईएमएलसी) के लिए छह जिलों में बड़े पैमाने पर भूमि का अधिग्रहण किया है। मेरठ में 529 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई है, जो इन जिलों में सबसे अधिक है। उन्नाव में 333 एकड़, बदायूं में 269 एकड़ और संभल में 591 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया है। हरदोई में 335 एकड़ और शाहजहांपुर में 252 एकड़ भूमि औद्योगिक विकास के लिए तैयार की गई है। इन अधिग्रहित भूखंडों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्राधिकरण निवेशकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रोत्साहन भी दे रहा है। यह पहल औद्योगिक विकास को गति देने में सहायक होगी।
उद्घाटन समारोह के लिए तैयार होने लगा पांडाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इस भव्य समारोह के लिए बदायूं जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। बरेली मार्ग पर बिनावर के पास उद्घाटन कार्यक्रम के लिए पंडाल आदि लगाने का काम रविवार को शुरू कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन और यूपीडा के अधिकारी तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
डीएम अवनीश राय ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे किनारे औद्योगिक विकास के लिए भी काम चल रहा है। 29 अप्रैल को होने वाले उद्घाटन समारोह की तैयारी भी पूरी की जा रही है।

कमेंट
कमेंट X