Budaun News: पुलिस मुठभेड़ में पांच पशु तस्कर गिरफ्तार, गोली लगने से तीन घायल; सिपाही भी जख्मी
बदायूं के सहसवान क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ के दौरान पांच पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें तीन आरोपी गोली लगने से घायल हुए हैं। एक सिपाही भी जख्मी हुआ है।
विस्तार
बदायूं जिले में सहसवान थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के दौरान संरक्षित पशुओं को मारने वाले गिरोह के पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से तीन आरोपी घायल हुए हैं। एक सिपाही भी जख्मी हो गया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि चार-पांच व्यक्ति टेढ़ाघाट पुल के पास गांव चमरपुरा के जंगल में पशुओं की हत्या करने की फिराक में हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की और खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें नईम, कौसर और इसराइल गोली लगने से घायल हो गए। वहीं मुठभेड़ के दौरान सिपाही शक्ति सिंह के दाहिने हाथ में गोली लग गई। बाद में पुलिस ने सभी आरोपियों को दबोच लिया, जबकि आसपास के जंगल में कॉम्बिंग कर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पहले भी संरक्षित पशुओं की हत्या कर चुके हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में नईम निवासी भवानीपुर खल्ली, शाहरुख निवासी बाजपुर, अली हसन, कौसर और इसराइल निवासी घूरनपुर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले भी संरक्षित पशुओं को मारकर मांस बेचते रहे हैं और आर्थिक लाभ के लिए फिर से इसी योजना के तहत जंगल में इकट्ठा हुए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच तमंचे 315 बोर, दस कारतूस, एक कुल्हाड़ी, तीन छुरी, काली पन्नी और प्लास्टिक का कट्टा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान से साफ है कि आरोपी पशु की हत्या की पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से ही हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और पशु क्रूरता से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी ग्रामीण डॉ हृदेश कठेरिया और सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने हुए कहा कि ऐसे गिरोहों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।