Budaun News: एचपीसीएल अफसरों की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई, आरोपी अजय के ताऊ का फार्म हाउस सील
बदायूं के सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को दो अफसरों की हत्या कर दी गई थी। इस वारदात का मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह जेल में है। उसके परिजनों और मददगारों पर कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में बुधवार को आरोपी के ताऊ का फार्म हाउस सील किया गया है।
विस्तार
बदायूं में एचपीसीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मुख्य हत्यारोपी अजय प्रताप सिंह के ताऊ राकेश सिंह के अवैध रूप से बने फार्म हाउस को दातागंज तहसील प्रशासन ने बुधवार को सील कर दिया। जानकारी के अनुसार, यह फार्म हाउस गांव के बाहर करीब आधा बीघा जमीन पर निर्मित था। जांच में सामने आया है कि जिस जमीन पर फार्म हाउस बनाया गया, वो एक सिख परिवार की बताई जा रही है, जो करीब 10 वर्ष पूर्व गांव छोड़कर कनाडा में जाकर बस गया था। आरोप है कि इसी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया गया था।
तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस को सील कर दिया और पूरे प्रकरण की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रशासन अब जमीन के स्वामित्व और कब्जे से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रहा है। एसडीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि अवैध कब्जे और निर्माण के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि एचपीसीएल प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद से आरोपी और उससे जुड़े लोगों पर प्रशासन की सख्त नजर बनी हुई है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पूर्व आरोपी अजय और उसके ताऊ की अवैध दुकानों को भी ध्वस्त किया जा चुका है। राकेश सिंह की 27 दुकानों को सील किया गया है।
प्लांट में 12 मार्च को हुई थी दो अफसरों की हत्या
मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को मीटिंग कक्ष में दो अफसर सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा की हत्या कर दी थी। इस वारदात के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह को जेल भेजा जा चुका है। साथ ही वारदात में साजिश रचने के आरोप में प्लांट के एक ड्राइवर व ऑपरेटर को भी जेल भेजा गया है। शासन स्तर से गठित एसआईटी घटना की जांच कर रही है। वहीं पुलिस भी जांच में जुटी हुई है।
पूर्व सांसद प्रतिनिधि ने बताई अजय व उसके ताऊ की हकीकत
दोहरे हत्याकांड के मामले में एक नया खुलासा सामने आया है। दातागंज क्षेत्र के रहने वाले भाजपा नेता व पूर्व सांसद प्रतिनिधि विनोद राठौर का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उनके द्वारा सैजनी गांव निवासी आरोपी अजय प्रताप सिंह व उसके ताऊ राकेश सिंह समेत अन्य परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।
उनका कहना है कि इस परिवार ने हर गलत काम किया है। जमीनों पर कब्जा करना, हत्या, दबंगई के चलते इनके खिलाफ कोई बोलता नहीं था। इनके द्वारा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पुलिस-प्रशासन से की गई है। बता दें कि भाजपा नेता को आरोपी अजय के परिजनों ने कुछ दिन पहले जान से मारने की धमकी दी थी। इसका वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।