Budaun News: पानी समझकर शराब में मिला लिया केमिकल, पीने से दो लोगों की मौत, एक अन्य की हालत नाजुक
बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र में जन्मदिन पार्टी के दौरान छिपकर शराब पी रहे तीन लोगों ने पानी समझकर पैग में केमिकल मिला लिया। उसे पीने से तीनों की हालत बिगड़ गई। इनमें दो लोगों की मौत हो गई। तीसरे की हालत नाजुक है।
विस्तार
बदायूं में जन्मदिन की पार्टी में तीन लोग चुपके से शराब पी रहे थे। मंगलवार शाम करीब पांच बजे एक कमरे में दूध में मिलाने वाला हाइड्रोजन पराक्साइड केमिकल को पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया। देखते ही देखते तीनों की हालत बिगड़ने लगी।
दो लोगों को परिजन जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल ले गए। जबकि तीसरे ने गांव में ही दम तोड़ दिया। निजी अस्पताल में हालत बिगड़ी तो उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। जहां एक अन्य को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे का उपचार जारी है। उसकी भी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घर में चल रहा था जन्मदिन का कार्यक्रम
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामय खेड़ा निवासी जुगेंद्र के घर में बच्चे के जन्मदिन के उपलक्ष्य में रात्रि जागरण का कार्यक्रम था। दिन में परिवार व रिश्तेदारों के खाने की व्यवस्था की गई थी। शाम करीब पांच बजे जुगेंद्र का भाई कामेश चौहान (63 साल) अपने साथी यशपाल (45साल) व सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव अन्नी के रहने वाले दामोदर (42 साल) के साथ बैठकर चुपचाप शराब पी रहे थे।
परिजनों ने बताया कि जिस कमरे में शराब पी रहे थे, वहीं पर दूध में मिलाने वाला केमिकल हाइड्रोजन पराक्साइड रखा हुआ था। नशे में उन्होंने उसे पानी समझा और शराब में मिलाकर तीनों ने पी लिया। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी।
दामोदर की मौके पर हुई मौत
बताया जा रहा कि सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव अन्नी निवासी दामोदर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के लोग कामेश व यशपाल को बदायूं ले आए और एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां बिगड़ने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कामेश को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। यशपाल का उपचार जारी है।
सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति के मरने की सूचना जिला अस्पताल से आई है, लेकिन परिवार के लोग पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर रहे हैं। पुलिस मामले की फिर भी जांच कर रही है। कोई शिकायती पत्र मिलता है तो जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।