सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bulandshahar News ›   Three riots in Jahangirabad in 24 hours, khakis patrol the streets

Bulandshahar News: जहांगीराबाद में 24 घंटे में तीन बवाल, सड़कों पर खाकी का पहरा

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Sat, 14 Mar 2026 10:42 PM IST
विज्ञापन
Three riots in Jahangirabad in 24 hours, khakis patrol the streets
विज्ञापन
जहांगीराबाद। नगर में शुक्रवार रात से शुरू हुआ विवादों का सिलसिला शनिवार शाम तक तीन अलग-अलग वारदातों में बदल गया, जिससे पूरे कस्बे में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। सुरक्षा की दृष्टि से जहांगीराबाद को छावनी में तब्दील करना पड़ा। पीएसी, केंद्रीय बल और कई थानों की पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा है। एसएसपी और एडीएम ने खुद गलियों में फ्लैग मार्च कर उपद्रवियों को सख्त चेतावनी दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुकदमों में पांच आरोपियों को जेल भेज दिया है।
Trending Videos

तनाव की शुरुआत शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुई। मोहल्ला लोधराजपूतान निवासी कुलदीप अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि कसाई वाली मस्जिद के पास कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने कुलदीप के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में कुलदीप को देख हिंदू समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में लोग कस्बा चौकी पहुंच गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

देर रात ही एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। घायल की मां विमलेश देवी की तहरीर पर पुलिस ने 12 नामजद और 7 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भीड़ शांत हुई, लेकिन यह शांति महज कुछ घंटों की ही साबित हुई।
शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे दूसरी वारदात हो गई। मोहल्ला प्रभुदयाल निवासी शाह आलम अपनी बहन शिफा के साथ स्कूटी से ब्रेड लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में दूसरे पक्ष के युवकों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए शाह आलम के पिता रहीस और पड़ोसी शोएब को भी पीटा गया। इस हमले में युवती समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने शाह आलम की तहरीर पर 3 नामजद और 2 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
शनिवार दोपहर में जब पुलिस और प्रशासन अमन कमेटी की बैठक कर शांति की अपील कर रहे थे, तभी ब्लॉक के पास तीसरी घटना सामने आई। बाइक से औरंगाबाद ईदी देने जा रहे आमिर, साहिल और रिहान को बाइक सवार युवकों ने पीछा कर रोका और मारपीट की। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इस मामले में शाम तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी, लेकिन इस घटना ने कस्बे में दहशत और बढ़ा दी है।

सड़कों पर फ्लैग मार्च, सादे कपड़ों में भी पुलिस तैनात
बिगड़ते हालात को देखते हुए एसएसपी दिनेश कुमार सिंह और एडीएम प्रशासन प्रमोद कुमार पांडे ने मोर्चा संभाला। शाम को भारी पुलिस बल के साथ जसर दरवाजा और मुख्य बाजारों में फ्लैग मार्च निकाला गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और कानून हाथ में लेने वालों पर रासुका जैसी कार्रवाई की जा सकती है। वर्तमान में 20 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भीड़ के बीच तैनात किए गए हैं, जिससे कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

कोट
- नगर में हुई घटनाओं का गंभीरता से संज्ञान लिया गया है। दो मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर 5 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। कस्बे में पर्याप्त फोर्स तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी सूरत में शांति व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी। - दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी बुलंदशहर



कौन बिगाड़ना चाहता है नगर की फिजा
नगर में शुक्रवार रात हुई पहली घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में ले लिया था। इसके बावजूद शनिवार सुबह फिर मारपीट की दूसरी घटना सामने आ गई, जबकि कुछ घंटों बाद ब्लॉक के पास तीसरी घटना भी हो गई। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार रात की घटना के बाद मोहल्ला बंशीधर में एक युवक की पिटाई और भैयापुर रोड पर कार सवार लोगों के साथ बदसलूकी की घटना की जानकारी भी मिली है। पुलिस का कहना है कि सभी घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही ऐसे लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, जो नगर और क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधायक सीपी सिंह ने लिया हालात का जायजा

डिबाई विधायक सीपी सिंह भी शनिवार को कुलदीप के मोहल्ले में पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद वह कस्बा चौकी पहुंचे, जहां मौजूद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह से पूरे घटनाक्रम का ब्यौरा लिया और जल्द से जल्द हालात सामान्य कराने के निर्देश दिए। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कस्बा चौकी में आयोजित शांति समिति की बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि किसी भी कीमत पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी।



तीन साल से एक ही स्थान पर हो रहे विवाद

जिस स्थान पर शुक्रवार रात कुलदीप के साथ मारपीट की घटना हुई, वहां पिछले करीब तीन वर्षों से लगभग हर साल दोनों समुदायों के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद की घटना सामने आती रही है। पहले भी इन घटनाओं के बाद नगर में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस बार भी प्रशासन की कार्रवाई में कोई ढिलाई बरती गई तो भविष्य में कभी भी इससे बड़ी घटना हो सकती है। ऐसी स्थिति न केवल नगर बल्कि पूरे जिले का माहौल बिगाड़ सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील घटना को लेकर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि आगे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed