UP: सपा जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल को फिर गला दबाकर मारने का प्रयास, सपा कार्यकर्ता व पूर्व प्रधान पर आरोप
Chandauli News: चंदौली में सपा जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल को फिर गला दबाकर मारने का प्रयास किया गया। इसका आरोप सपा कार्यकर्ता व पूर्व प्रधान पर लगा है। उधर, पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव ने आरोप को निराधार बताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल ने बहादुरपुर के पूर्व प्रधान एवं सपा कार्यकर्ता वीरेंद्र यादव पर गला दबाकर हत्या का प्रयास और छेड़खानी का आरोप लगाया है। वहीं, वीरेंद्र यादव ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट हुई, जिसमें उन्हें चोटें आई हैं। दोनों पक्षों ने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गार्गी सिंह पटेल के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब सात बजे बहादुरपुर के पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव उनके घर पहुंचे। उनका कहना है कि पूर्व में हुए मारपीट के एक मामले को लेकर वीरेंद्र यादव द्वारा लोगों के बीच कथित रूप से गलत बातें कही जा रही थीं। इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान वीरेंद्र यादव ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और उनके साथ छेड़खानी भी की। गार्गी सिंह पटेल का आरोप है कि शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद वीरेंद्र यादव की पिटाई कर दी गई और मामला शांत कराया गया।
इसे भी पढ़ें; चंदौली में अनोखा विवाह: तीन बच्चों की मां ने प्रेमी संग लिए सात फेरे, पूर्व पति की मौजूदगी में हुई शादी
वहीं, बहादुरपुर के पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव ने आरोपों का खंडन करते हुए बताया कि कुछ लोगों ने उनसे कहा था कि उन पर गार्गी सिंह पटेल पर हुए पूर्व हमले के आरोपियों से जेल में मिलने का आरोप लगाया जा रहा है। इसी बात की सच्चाई बताने और अपना पक्ष रखने के लिए वह गार्गी सिंह पटेल के घर गए थे। उनका कहना है कि बातचीत के दौरान माहौल बिगड़ गया और जिस व्यक्ति ने उक्त बात बताई थी, उसकी पिटाई होने लगी। उसे बचाने के प्रयास में उन्हें भी चोटें आईं। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
दोनों पक्षों ने घटना के संबंध में मुगलसराय कोतवाली में अलग-अलग तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व भी गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट का मामला सामने आया था। उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वही मुगलसराय थाना अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है।