संकिसा। मां विषारी देवी मंदिर परिसर में 15 दिवसीय आषाढ़ी मेले के अंतिम दिन बुधवार को खासी भीड़ उमड़ी। माता के दर्शन कर खीर-पूड़ी का भोग लगाया गया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, बाइकों, कारों की लंबी कतारें लगी रहीं। सामानों की खूब बिक्री हुई। देर शाम मेले का समापन हो गया। दुकानदार घरों की ओर विदा होने लगे।
बुधवार को मेले के अंतिम दिन जिले के अलावा मैनपुरी, इटावा, एटा, कन्नौज आदि जिलों से श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए। लोग अपने घरों से खीर और पूड़ी बनाकर लाए। मेले से प्रसाद लेकर माता को भोग लगाया। इसके बाद आसपास पेड़ों के नीचे बैठकर परिवार सहित भोजन किया। बच्चों ने मेले में खिलौने खरीदे। दूरदराज से आई महिलाओं ने घरेलू उपयोग के सामान की खरीदारी की। बच्चों का मुंडन एवं अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। बच्चों ने जंपिंग झूले, मिनी ट्रेन का भी लुत्फ उठाया। सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे।