बकेवर। देवमई ब्लॉक के अकबराबाद गांव में जोगापुर और मवइया माइनर का पानी गांव के किनारे स्थित तालाब में भरने से रात के समय आसपास के करीब 100 बीघा गेहूं के खेत जलमग्न हो गए। नाले के जरिये पानी खेतों में फैल गया। निकासी की व्यवस्था न होने से किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार सुबह किसान जब खेतों पर पहुंचे तो देखा कि तालाब का जलस्तर बढ़ने से गेहूं की फसल पूरी तरह डूब चुकी है। शुरुआत में माइनर कटने की आशंका जताई गई लेकिन मौके पर जांच के दौरान कहीं भी माइनर कटी नहीं मिली। बाद में सामने आया कि दोनों माइनरों का पानी गांव के एक नाले में गिरता है जो भर जाने के बाद आसपास के खेतों में फैल गया।
पानी भरने से अवधेश सिंह, रामस्वरूप पासवान, राजबहादुर, जयराम पासवान, मोहनलाल, कन्हैया, रामपाल, मिहिलाल, छोटेलाल, जयकरन, बहादुर, सुरेंद्र, शिवप्रसाद और इंद्रपाल समेत कई किसानों की गेहूं की फसल प्रभावित हुई है।
किसानों का कहना है कि खेतों से पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं है। ऐसे में कम से कम दो माह तक पानी सूखने की संभावना नहीं है। इससे गेहूं की फसल सड़कर पूरी तरह बर्बाद हो सकती है। अवर अभियंता अभय प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों से सूचना मिली है। माइनरों को बंद कराने की कार्रवाई की जा रही है ताकि आगे नुकसान न हो।