UP: फिरोजाबाद में प्रेम विवाह की रंजिश में आगरा के युवक की साले ने की हत्या, मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी
प्रेम विवाह से नाराज साले समीर उर्फ अत्तू ने बृहस्पतिवार रात जीजा देवेश उर्फ दाऊ की हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र के छपरिया मोहल्ले में बृहस्पतिवार रात आगरा के युवक देवेश उर्फ दाऊ (30) की साले ने हत्या कर डाली। आरोपी अपनी बहन के प्रेम विवाह से नाराज था। विवाह के बाद देवेश बृहस्पतिवार को पहली बार ससुराल आया था। पुलिस ने मामले में आरोपी को शुक्रवार सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। हसमतनगर गड्ढा क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है।
आगरा के टेढ़ी बगिया (आंवलखेड़ा) निवासी देवेश उर्फ दाऊ ने करीब चार महीने पहले थाना रामगढ़ क्षेत्र के छपरिया मोहल्ले की की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह पहली बार अपनी पत्नी के साथ अपनी ससुराल आया था। परिजनों का आरोप है कि अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से ससुराल पक्ष के लोग बेहद नाराज थे। इसी रंजिश को लेकर हुए विवाद में ससुराल वालों ने देवेश के साथ बेरहमी से मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। रात में युवक का शव छपरिया मोहल्ले में मस्जिद के पास पड़ा मिला था।
आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की कई टीमें गठित की थीं। मृतक के चाचा की तहरीर पर रामगढ़ थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस को शुक्रवार सुबह मुख्य आरोपी समीर उर्फ अत्तू के हसमतनगर गड्ढा क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली। जब पुलिस ने उसे घेरा, तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली समीर के पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छपरिया और हसमतनगर में पुलिस का कड़ा पहरा
प्रेम विवाह के बाद ससुराल आए दामाद की बेरहमी से हत्या किए जाने की वारदात के बाद से ही रामगढ़ इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार सुबह मुख्य आरोपी और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि हत्या के इस जघन्य मामले में मुख्य आरोपी समीर उर्फ अत्तू को तो पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर ही दबोच लिया है, लेकिन वारदात में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी सिटी ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। एहतियात के तौर पर छपरिया और हसमतनगर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।