UP: साहब...मनबढ़ों ने गेट पर ताला लगा जमीन पर कब्जा किया है, DM से गुहार; 241 प्रार्थना पत्र में 34 का समाधान
Ghazipur News: गाजीपुर जिले के सातों तहसील पर संपूर्ण समाधान दिवस के आयोजन हुए। 241 प्रार्थना पत्रों की जांच कर 34 का समाधान किया गया। बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों में भेज दिया गया।
विस्तार
UP News: गाजीपुर के सैदपुर तहसील में आयोजित मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस में खानपुर की रीना विश्वकर्मा ने डीएम अविनाश कुमार से गुहार लगाते हुए बताया कि कुछ लोगों ने उनकी जमीन की चहारदीवारी पर ताला जड़ दिया है। उन्होंने डीएम से ताला खुलवाने की मांग की।
जनपद की सातों तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सातों तहसीलों में कुल 241 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मौके पर 34 का निस्तारण किया गया। मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सैदपुर तहसील में डीएम अविनाश कुमार की मौजूदगी में हुआ, जहां 70 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए और छह का निस्तारण किया गया।
दूसरी ओर, कासिमाबाद तहसील में आयोजित समाधान दिवस में मरदह की नीतू चौहान ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी दीक्षा चौहान का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आठ सितंबर को ऑनलाइन आवेदन किया था।
कार्रवाई की मांग
ब्लॉक जाने पर उन्हें तहसील भेज दिया जाता है और तहसील से ब्लॉक, जिससे वह कई दिनों से परेशान हैं। इसी तरह कोडरी के सराफत अली और गौरा के आशीष यादव ने भी जन्म प्रमाण पत्र न बनने की समस्या उठाई।
अन्य तहसीलों की स्थिति पर नजर डालें तो जमानिया तहसील में 14 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो का निस्तारण किया गया। कासिमाबाद में 14 में से पांच, सेवराई में 23 में से तीन, जखनिया में 29 में से दो, सदर तहसील में 35 में से छह और मुहम्मदाबाद तहसील में 56 में से 10 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, सैदपुर एसडीएम रामेश्वर सुधाकर सब्बड़वाड समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।